हैदराबाद : महिला बैडमिंटन स्टार अश्विनी पोनप्पा, जिन पर लंदन ओलम्पिक में भारत को पदक दिलाने की जिम्मेदारी है, अपने पहले ओलम्पिक अभियान को लेकर खासी रोमांचित हैं।
24 साल की पोनप्पा ने कहा, मैं पहली बार ओलम्पिक के लिए जा रही हूं। इसे लेकर मैं खासी रोमांचित हूं। किसी भी खिलाड़ी का सपना ओलम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व करना होता है। ऐसे में देश के लिए यह मौका पाकर मैं बहुत खुश हूं।
कोच सैयद मोहम्मद आरिफ की देखरेख में दिन-रात अभ्यास में जुटीं पोनप्पा महिला युगल वर्ग में अपनी सीनियर जोड़ीदार ज्वाला गुट्टा के साथ चुनौती पेश करेंगी।
बेंगलुरू निवासी पोनप्पा कई सालों से हैदराबाद में रह रही हैं। वह कहती हैं कि लंदन में वह अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए कृतसंकल्प हैं।
पोनप्पा ने कहा, गुट्टा और मैं काफी मेहनत कर रही हैं। हम कोर्ट पर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी। हम ओलम्पिक पदक जीतने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
वर्ष 2010 मे आयोजित विश्व राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और बीते साल आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य जीतने वाली इस जोड़ी को विश्व वरीयता क्रम में 19वां स्थान प्राप्त है। दोनों खिलाड़ी लंदन के लिए 24 जुलाई को रवाना होंगी।
ओलम्पिक में अपनी प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों के बारे में पूछे जाने पर पोनप्पा ने कहा कि उनका सामना श्रेष्ठ खिलाड़ियों से होना है, लिहाजा उन्हें हर मैच में श्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।
बकौल पोनप्पा, सभी जोड़ियां पूरी तैयारी के साथ पहुंचेंगी लेकिन सबसे अधिक टक्कर चीनी जोड़ीदारों से मिलने की उम्मीद है। चीनी खिलाड़ियों को हराया जा सकता है लेकिन इसके लिए शारीरिक और मानसिक तौर पर पूरी तरह तैयार रहना होगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 9, 2012, 19:20
|