ज़ी न्यूज खेल ब्यूरो लंदन : निशानेबाज विजय कुमार लंदन ओलम्पिक की पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के फाइनल स्पर्धा में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीत लिया है। विजय ने क्वालीफाइंग दौर में कुल 585 अंक हासिल किए थे और दूसरे दौर में पहुंचने वाले 18 निशानेबाजों के बीच चौथे स्थान पर रहे थे। फाइनल में छह निशानेबाजों को जगह मिली जिसमें सभी को पछाड़ते हुए दूसरे स्थान पर रहे।
इस प्रकार से लंदन ओलंपिक की पदक तालिका में भारत के खाते में दो पदक हो गए हैं। लंदन ओलम्पिक में भारत को इससे पहले एक कांस्य भी मिल चुका है। इससे पहले गगन नारंग ने 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में देश को कांस्य पदक दिलाया था।
भारत की ओर से निशानेबाजी में यह दूसरा सिल्वर मेडल है। इससे पहले 2004 एथेंस ओलम्पिक में राज्यवर्धन राठौर ने डबल ट्रैप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। भारत ने निशानेबाजी में अब तक चौथा पदक हासिल किया है। विजय और राज्यवर्धन के अलावा 2008 बीजिंग ओलम्पिक में अभिनव बिंद्रा 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
इससे पहले विजय ने क्वालीफाइंग के पहले दौर में 293 अंक जुटाए जबकि दूसरे दौर में उन्होंने 292 अंक अपने खाते में डाले। इस तरह वह 285 अंकों के साथ नया ओलम्पिक रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहे। यह अलग बात है कि विजय समेत कुल सात निशानेबाजें ने ओलम्पिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। पहले दौर के क्वालीफिकेशन के बाद विजय सातवें स्थान पर थे। रूस के एलेक्सी क्लिमोव ने 592 अंकों के साथ नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 4, 2012, 09:25
|