Last Updated: Monday, November 12, 2012, 12:52

नई दिल्ली : अमेरिका और यूरोपीय बाजारों में सुस्त मांग के चलते भारत के निर्यात में लगातार छठे महीने गिरावट दर्ज की गई है। अक्टूबर में, देश का निर्यात बीते साल की इसी अवधि के मुकाबले 1.63 प्रतिशत घटकर 23.2 अरब डालर रहा। अक्टूबर, 2011 में देश से 23.6 अरब डालर का निर्यात किया गया था।
हालांकि, अक्टूबर में आयात 7.37 प्रतिशत बढ़कर 44.2 अरब डालर पहुंच गया, जिससे देश का व्यापार घाटा 20.96 अरब डालर रहा। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-अक्टू बर अवधि में देश का निर्यात 6.18 प्रतिशत घटकर 166.92 अरब डालर रहा, जबकि आयात 2.66 प्रतिशत घटकर 277.13 अरब डालर रहा। यहां निर्यात-आयात के आंकड़े जारी करते हुए वाणिज्य सचिव एसआर राव ने संवाददाताओं को बताया कि विश्व व्यापार निरंतर सिकुड़ रहा है। विश्व के साथ हमारा जुड़ाव बढ़ा है, इसलिए किसी भी घटनाक्रम का भारत के व्यापार पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सोना और पेट्रोलियम आयात बढ़ने के चलते देश का आयात बिल बढ़ा है। चालू वित्त वर्ष के प्रथम सात महीनों के दौरान व्यापार घाटा 110.2 अरब डालर रहा।
अक्टूबर में तेल आया 31.6 प्रतिशत बढ़कर 14.78 अरब डालर रहा, जबकि गैर.तेल आयात 1.73 प्रतिशत घटकर 29.42 अरब डालर पर आ गया। अप्रैल-अक्टूबर, 2012 के दौरान तेल आयात 10 प्रतिशत तक बढ़कर 95.5 अरब डालर पर पहुंच गया जो बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में 86.8 अरब डालर था। हालांकि, इस दौरान गैर तेल आयात 8.22 प्रतिशत घटकर 181.56 अरब डालर पर आ गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 12, 2012, 12:52