Last Updated: Thursday, September 20, 2012, 12:53

न्यूयार्क : अमेरिका के अरबपतियों की सूची में पांच भारतीय मूल के अमेरिकियों को स्थान मिला है। माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स लगातार 19वीं बार इस सूची में शीर्ष पर बने हुये हैं।
सिलिकॉन वैली के उद्यमी विनोद खोसला, आईटी कंपनी सिंटेल के भारत देसाई समेत पांच भारतीय मूल के अमेरिकियों को फोब्र्स पत्रिका के 400 अरबपतियों की सूची में स्थान मिला है। रइसों की इस सूची में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स पहले पायदान पर डटे हुये हैं।
सूची में पहला स्थान पाने वाले 56 वर्षीय गेट्स की संपत्ति पिछले एक साल में सात अरब डालर बढ़कर 66 अरब डालर हो गयी। यह लगातार 19वां वर्ष है जब गेट्स इस सूची में शीर्ष स्थान पर रहे हैं।
इसके अलावा फोब्र्स ने भारत समेत विकासशील देशों में उनके परोपकारी कार्यों को देखते हुए गेट्स को ‘इस ग्रह का सबसे दानी पुरुष’ करार दिया है। हार्वर्ड विश्वविद्यालय से बीच में ही पढ़ाई छोड़ देने वाले गेट्स ने परोपकारी कार्यों के लिए अब तक करीब 28 अरब डालर दान किया है।
इस सूची में बर्कशायर हथवे के वारेन बफे को दूसरा और ओरैकल कार्प के लैरी इलिसन को तीसरा स्थान मिला है। एक साल में बफे की संपत्ति सात अरब डालर बढ़कर 46 अरब डालर जबकि एलिसन की संपत्ति आठ अरब डालर बढ़कर 41 अरब डालर हो गयी।
सितंबर 2012 में दो अरब डालर के मालिक देसाई को कल जारी की गई वाषिर्क सूची में 239वां स्थान मिला है। 59 वर्षीय देसाई 1980 में अपनी पत्नी के साथ सिंटेल की स्थापना की थी। आईआईटी मुंबई के पूर्व छात्र देसाई ने 2009 में कंपनी के कार्यकारी अधिकारी के पद से इस्तीफा दे दिया। फिलहाल वह कंपनी के अध्यक्ष हैं।
सिंफनी टेक्नॉलॉजी समूह के संस्थापक और अध्यक्ष रोमेश वधवानी को सूची में 250वें पायदान पर रखा गया है। उनके पास 1.9 अरब डालर की संपत्ति है।
गूगल बोर्ड में सदस्य और शेयरधारक कवितर्क राम श्रीराम इस सूची में 298वें पायदान पर रहे। उनके पास 1.6 अरब डालर की संपत्ति है।
इनके अलावा ‘5 आवर एनर्जी’ के संस्थापक और मुख्यकार्यकारी अधिकारी मनोज भार्गव को सूची में 311वें स्थान पर रहे। वह 1.5 अरब डालर के मालिक हैं।
विनोद खोसला को 328वें पायदान पर रखा गया है और वह 1.4 अरब डालर के मालिक हैं।
फोब्र्स पत्रिका ने एक बयान में कहा कि पिछले एक साल में धनी अमेरिकियों की संपत्ति 13 प्रतिशत की दर से बढ़कर 1700 अरब डालर हो गयी।
सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग इस बार नीचे फिसलकर 36वें स्थान पर चले गये। मई में सार्वजनिक निर्गम आने के बाद उनकी कुल संपत्ति 8 अरब डालर कम होकर 9.4 अरब डालर रह गई। (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 20, 2012, 12:53