चीन से अधिक तेजी से उबर सकता है भारत: RBI

चीन से अधिक तेजी से उबर सकता है भारत: RBI

बीजिंग : भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर आनंद सिन्हा ने आज यहां कहा कि भारत वैश्विक आर्थिक नरमी से अधिक तेजी से उबर सकता है क्योंकि भारतीय अर्थव्यवस्था मुख्यत: घरेलू खपत से संचालित होती है। पर उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि देश को ‘अपना घर अच्छी तरह संभाल कर’ चलना होगा।

सिन्हा ने यहां कहा, निराशा की भावना तथा उत्साह के स्तर में कमी जैसे कारकों से भी अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने कहा, `चीन व भारत दोनों की अर्थव्यवस्थाओं पर वैश्विक आर्थिक नरमी का असर रहा है लेकिन मुख्यत: घरेलू खपत से संचालित अर्थव्यवस्था के कारण भारत तेजी से उबर सकता है।` एक सवाल में जवाब में सिन्हा ने कहा, `लेकिन इसके लिए हमें अपने घर को अच्छी तरह संभाल कर चलना होगा। घरेलू अर्थव्यवस्था पर निर्भर रहते हुए हम निर्यात क्षेत्र के प्रदर्शन से कम प्रभावित होंगे। यह हमारी ताकत सबित हो सकती है। लेकिन हमें अपने सारे प्रयासों के बीच तालमेल बिठाना होगा।`

इस सवाल पर कि आर्थिक वृद्धि में नरमी पर काबू पाने के लिए भारत को क्या कदम उठाने चाहिए, सिन्हा ने कहा, `हमें मुद्रास्फीति पर काबू करना पाना होगा। अगर हम इस पर काबू पा लेते हैं तो वृद्धि परिदृश्य अच्छा होगा। एक बार वृद्धि शुरू होने के बाद स्थितियां बेहतर हो जाती हैं।` भारत में खुदरा मुद्रास्फीति दहाई अंक में 10.03 प्रतिशत है। भारतीय रिजर्व बैंक बार बार कहता रहा है कि उसकी मौद्रिक नीति मुद्रास्फीति पर काबू पाने पर केंद्रित रहती है। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 1, 2012, 00:11

comments powered by Disqus