Last Updated: Monday, July 22, 2013, 14:01

शंघाई : दुनियाभर के लोगों के बीच चौथी पीढ़ी (4जी) मोबाइल प्रौद्योगिकी लोकप्रिय होने के बाद उपकरण बनाने वाली चीन की कंपनी हुआवेई टेक्नोलाजीज ने कहा है कि वह पांचवी पीढ़ी (5जी) पर काम कर रही है जिसके 2020 तक उपलब्ध होने की संभावना है।
कंपनी ने कहा कि इस समय 200 लोग इस परियोजना पर काम कर रहे हैं और कंपनी ने प्रौद्योगिकी पर अनुसंधान एवं विकास के लिए एक निश्चित राशि निर्धारित की है। हालांकि, कंपनी ने इस राशि का ब्यौरा देने से इनकार किया।
हुआवेई टेक्नोलाजीज के अधिकारी वेन तोंग ने कहा कि 2020 तक अरबों की संख्या में कनेक्शन होंगे और 5जी व्यापक कनेक्टिविटी उपलब्ध करा सकता है। यह प्रौद्योगिकी लोगों को एक वायरलेस कनेक्शन पर फाइबर नेटवर्क जैसी सुविधा उपलब्ध कराने में सक्षम होगी।
उन्होंने कहा कि यह 10 जीबीपीएस की गति उपलब्ध करा सकता है जो आज के दिनों में इस्तेमाल की जा रही मोबाइल प्रौद्योगिकी से 100 गुना तेज है।
दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग ने भी घोषणा की है कि उसने 5जी प्रौद्योगिकी का सफल परीक्षण किया है और यह 2020 तक व्यावसायिक तौर पर इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 22, 2013, 14:01