भारत-चीन व्यापार रिकॉर्ड ऊंचाई पर - Zee News हिंदी

भारत-चीन व्यापार रिकॉर्ड ऊंचाई पर

 

बीजिंग : भारत-चीन का द्विपक्षीय व्यापार 2011 में 73.9 अरब डॉलर की रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंच गया है। हालांकि, 27 अरब डॉलर का व्यापार घाटा चीन के पक्ष में झुका हुआ है, जो भारत की चिंता का विषय है।

 

पिछले साल के आधिकारिक व्यापार आंकड़ों के अनुसार, 2011 में द्विपक्षीय व्यापार 12.2 अरब डॉलर बढ़कर 73.9 अरब डॉलर हो गया है। 2010 में यह आंकड़ा 61.7 अरब डॉलर का रहा था।

 

हालांकि, 2011 में चीन को भारतीय निर्यात 12.26 फीसद की वृद्धि के साथ 23.4 अरब डालर रहा, लेकिन व्यापार घाटा बढ़कर 27.07 अरब डॉलर हो गया है। चीन में भारत के राजदूत एस जयशंकर ने कहा, कुल मिलाकर व्यापार के आंकड़े अच्छे नजर आते हैं, लेकिन आयात और निर्यात का अंतर चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि चीन में भारतीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

जयशंकर ने कहा, भारतीय आईटी उत्पादों के प्रवेश में तेजी के संकेत मिले हैं। पर यह अभी शुरुआत है।

 

भारतीय राजदूत ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में गिरावट के रुख के बावजूद चीन के साथ भारत का व्यापार तेजी से बढ़ रहा है अच्छी बात यह है। व्यापार घाटे पर चीन भारत की चिंता को जानता है। 28 मार्च को ब्रिक्स देशों के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों की नयी दिल्ली में होने वाली बैठक में यह मुद्दा उठने की उम्मीद है।

 

भारतीय दूतावास में आर्थिक एवं व्यापार इकाई के प्रमुख के नागराज नायडू ने कहा, भारतीय निर्यात मुख्य रूप से प्राथमिक उत्पादों और जिंस क्षेत्र का है। लौह अयस्क निर्यात में गिरावट के बावजूद भारत का चीन को निर्यात बढ़ा है। कर्नाटक और गोवा में खनन पर पाबंदी की वजह से चीन को लौह अयस्क निर्यात में कमी आई है।

 

चीन का भारत को निर्यात लगातार बढ़ रहा है और यह 50 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है 2011 में चीन का भारत को निर्यात 23.51 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 50.04 अरब डॉलर रहा। चीन के कुल व्यापार में भारत के साथ व्यापार का हिस्सा 2011 में बढ़कर 3.8 फीसद हो गया है। 2010 में यह 2.06 प्रतिशत था।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 29, 2012, 20:10

comments powered by Disqus