भारत ने उठाया व्यापार असंतुलन का मुद्दा - Zee News हिंदी

भारत ने उठाया व्यापार असंतुलन का मुद्दा

बाली (इंडोनेशिया) : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के समक्ष द्विपक्षीय व्यापार में असंतुलन का मुद्दा उठाया और कहा कि बेहतर कारोबारी माहौल के लिए इसे ठीक करने की जरूरत है। हालांकि, सिंह ने इसके साथ ही दुनिया की इस तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ संबंधों को बढ़ाने पर जोर भी दिया।

 

सिंह और वेन ने यहां अपनी बैठक के दौरान बेहतर आर्थिक गठजोड़ के मुद्दे पर चर्चा की क्योंकि उन्हें यह आपसी संबंध का मूल नजर आया। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) संजय सिंह ने इस बैठक का ब्यौरा देते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री ने संतुलित कारोबार की जरूरत पर बल दिया ताकि उपलब्ध संभावनाओं का फायदा उठाने के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार किया जा सके।’

 

दोनों नेताओं की मुलाकात यहां आसियान और पूर्वी एशिया सम्मेलन के मौके पर हुई। चीन के फायदे में बढ़ रहा व्यापार अंतराल चिंता का विषय है क्योंकि यह विशेष तौर पर चीन के सेवा क्षेत्र से जुड़ा है जो अभी खोला नहीं गया है। वर्ष 2010 में चीन और भारत के व्यापार में चीन 20 अरब डॉलर के फायदे में था।

 

संजय सिंह ने कहा कि दोनों नेताओं ने 2010 में द्विपक्षीय कारोबार के 60 अरब डॉलर को पार कर जाने पर खुशी जताई। इस साल यह 70 अरब डॉलर को छू जाने की संभावना है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2015 तक 100 अरब डॉलर का व्यापार लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा।

 

प्रधानमंत्री ने भारत और चीन के बीच आर्थिक संबंधों का स्वागत किया और कहा कि चीन भारत की बहुत सी परियोजनाओं में भागीदारी कर रहा है। दोनों नेताओं ने पिछले साल सितंबर में बीजिंग में हुई पहली रणनीतिक आर्थिक वार्ता (सेड) का स्वागत किया।

 

भारत का चीन को होने वाला निर्यात तेजी से बढ़ रहा है लेकिन सेवा क्षेत्र आम तौर पर खोला नहीं गया है। इस मामले पर ध्यान देने के लिए बातचीत चल रही है। सूत्रों ने बताया, ‘हमें आगे बढ़ते रहना चाहिए और कोशिश करते रहना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से सेड के जरिए निपटा जाता है। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 18, 2011, 17:37

comments powered by Disqus