मानव पूंजी सूचकांक में भारत 78वें स्थान पर

मानव पूंजी सूचकांक में भारत 78वें स्थान पर

न्यूयार्क : विश्व मानव पूंजी सूचकांक में भारत 78वें स्थान पर है। इस सूचकांक में विभिन्न देशों को उनके श्रमबल के आर्थिक सामथ्र्य के आधार पर स्थान दिया जाता है। स्विटजरलैंड इस सूची में शीर्ष पर रहा है।

जिनेवा स्थित विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की मंगलवार को यहां जारी 122 देशों की सूची के अनुसार भारत को विकासशील देशों के उसके समूह (ब्रिक्स) के सदस्यों में तीन से नीचे स्थान मिला है। इस सूची में चीन 43वें, रूस 51वें और ब्राजील 57वें स्थान पर रहा है जबकि दक्षिण अफ्रीका को सूची में भारत से नीचे 86वां स्थान मिला है। डब्ल्यूईएफ ने कहा है भारत को कार्यबल और रोजगार जैसे मानकों में बेहतर अंक मिले हैं, लेकिन श्रमिकों के स्वास्थ्य और देखभाल के मुद्दे पर वह काफी पिछड़ गया।

डब्ल्यूईएफ की इस संबंध में जारी रिपोर्ट के अनुसार स्वच्छता और साफ सफाई में कम अंक पाने, साथ ही महिला और पुरुषों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं में फासले के संकेतक में देशों की समूची रैंकिंग में भारत पिछड़ गया। शीर्ष दस देशों में स्विटजरलैंड के बाद फिनलैंड, सिंगापुर, नीदरलैंड, स्वीडन, जर्मनी, नार्वे, ब्रिटेन, डेनमार्क और कनाडा का स्थान रहा है। सूची में अमेरिका का 16वां स्थान रहा है।

मानव संसाधन सूची में यमन सबसे आखिर में 122वें स्थान पर रहा है, जबकि पाकिस्तान इस सूची में 112वें स्थान पर है। डब्ल्यूईएफ ने कहा है कि विभिन्न देश अपनी मानव पूंजी को कैसे व्यवस्थित करते हैं उसे मापने के लिये मानवपूंजी सूचकांक नया साधन है। इसके अलावा श्रमबल की दीर्घकालिक आर्थिक संभावनाओं के आधार पर इसमें विभिन्न देशों को क्रमबद्ध किया जाता है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, October 1, 2013, 22:51

comments powered by Disqus