यूरोपीय कर्ज की वजह से बाजार फिसले - Zee News हिंदी

यूरोपीय कर्ज की वजह से बाजार फिसले

मुंब : देश के शेयर बाजारों में गत सप्ताह 1.36 फीसदी की गिरावट देखी गई। यूरोपीय कर्ज संकट की वजह से दुनिया भर के निवेशकों में उत्साह की कमी देखी जा रही है।

 

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गत सप्ताह 1.36 फीसदी या 242.19 अंकों की गिरावट के साथ शुक्रवार को 17,562.61 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी भी इस दौरान 1.42 फीसदी या 76.5 अंकों की गिरावट के साथ 5,360.7 पर बंद हुआ।

 

इस दौरान बीएसई 500 सूचकांक में 0.59 फीसदी की गिरावट देखी गई। बीएसई के मिडकैप सूचकांक में 0.37 फीसदी तेजी रही, जबकि स्मॉलकैप पिछले सप्ताह के स्तर पर ही रहा।

 

सेंसेक्स में सर्वाधिक बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में रहे हिंदुस्तान यूनिलीवर (10.1 फीसदी), डीएलएफ (5 फीसदी), भेल (3.9 फीसदी), हिंडाल्को (3.5 फीस्दी) और जिंदल स्टील (3.3 फीसदी)। सेंसेक्स में गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में रहे टाटा मोटर्स (5.1 फीसदी), कोल इंडिया (3.8 फीसदी), मारुति सुजुकी (3.3 फीसदी) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (2.9 फीसदी)।

 

इस सप्ताह यूरोपीय नेताओं द्वारा तैयार की गई राहत पैकेज पर जनमत संग्रह कराने की पापेंड्र्यू की घोषणा के कारण दुनिया भर के निवेशकों की चिंता बढ़ गई। जापान का निक्के ई इस सप्ताह 2.75 फीसदी गिरावट के साथ 8,801.4 पर और हांगकांग का हैंग सैंग 0.88 फीसदी गिरावट के साथ 19,842.79 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक इस सप्ताह 2.22 फीसदी तेजी के साथ 2,528.29 पर बंद हुआ।

 

यूरोपीय बाजारों में भी इस सप्ताह गिरावट रही। ब्रिटेन का फुट्सी 100 3.07 फीसदी गिरावट के साथ 5,527.16 पर और फ्रांस का सीएसी40 6.72 फीसदी गिरावट के साथ 3,123.55 पर बंद हुआ। जर्मनी का डीएएक्स 5.99 फीसदी गिरावट के साथ इस सप्ताह 5,966.13 पर बंद हुआ।

 

अमेरिकी शेयर बाजारों में भी इस सप्ताह गिरावट रही। एसएंडपी 2.48 फीसदी गिरावट के साथ 1,253.23 पर, जबकि डाऊजोंस 2.03 फीसदी गिरावट के साथ 11,983.24 पर बंद हुआ। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 6, 2011, 21:35

comments powered by Disqus