Last Updated: Thursday, August 9, 2012, 15:57
नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने प्रमुख गैस उत्पादक क्षेत्र कृष्णा गोदावरी बेसिन के डी-6 ब्लॉक में प्राकृतिक गैस भंडार अनुमान को 70 प्रतिशत घटाकर 3,100 अरब घनफुट कर दिया। सरकार ने आज लोकसभा में यह जानकारी दी।
कंपनी ने अप्रत्याशित भूभर्गीय परिस्थितियों के मद्देनजर केजी-डी 6 ब्लॉक में प्राकृतिक गैस भंडार के अनुमान को 70 प्रतिशत घटाकर 3,100 अरब घन फुट कर दिया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री आर पी एन सिंह ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पहले अनुमान लगाया था कि केजी-डी6 ब्लॉक के धीरूभाई-1 और 3 गैस क्षेत्रों में प्राकृतिक गैस का अनुमानित भंडार 10,300 अरब घन फुट होगा।
उन्होंने कहा, ‘बाद में कंपनी ने इस अनुमान को घटाकर 3,100 अरब घन फुट कर दिया।’ डी-1 और डी-3 रिलायंस इंडस्ट्रीज की बंगाल की खाड़ी स्थित इस गहरे समुद्री ब्लॉक में 18 में से सबसे बड़ी खोजों में है। यहां उत्पादन अप्रैल, 2009 में शुरू हुआ था। अभी तक इस क्षेत्र से 2,000 अरब घन फुट गैस का उत्पादन हो चुका है।
सिंह ने कहा कि केजी-डी6 ब्लॉक के एमए तेल क्षेत्र में 681.4 अरब घन मीटर फुट के भंडार का अनुमान लगाया गया था। कंपनी ने अब इसे संशोधित कर 788 अरब घन फुट कर दिया। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 9, 2012, 15:57