Last Updated: Saturday, March 30, 2013, 14:54
दुशान्बे : भारत ने सऊदी अरब की नई श्रम नीति पर चिंता जताई है जिसमें सऊदी अरब ने 10 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित करने का फैसला किया है।
उसके इस फैसले से भारत से तीन लाख कम कुशल और अर्धकुशल श्रमिक प्रभावित होंगे। इनमें बड़ी संख्या केरल के लोगों की है।
विदेश राज्यमंत्री ई अहमद ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में एशियाई विकास वार्ता में शामिल होने आए हैं। उन्होंने सऊदी अरब के शहजादा तथा विदेश मामलों के उपमंत्री अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज से मुलाकात कर इस मुद्दे पर भारत की चिंता से अवगत कराया।
अब्दुलअजीज ने अहमद को भरोसा दिलाया कि सऊदी अरब हमेशा से भारतीय को काफी महत्व देता रहा है और वह भारत के साथ अपने गहरे रिश्तों को काफी महत्व देता है। सऊदी अरब के मंत्री ने कहा कि वह रियाद लौटने के बाद यह मुद्दा श्रम मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ उठाएंगे।
अहमद ने कहा कि भारतीय दूतावास ने भी यह मामला सऊदी अरब सरकार के साथ उठाया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार यह मुद्दा बेहतर तरीके से उठाएगी और अभी इस मामले में किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 30, 2013, 14:54