Last Updated: Thursday, July 26, 2012, 00:39

नई दिल्ली : सरकारी क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा विभिन्न राज्यों के स्थानीय शुल्कों में हुये बदलाव को समायोजित करने के बाद आज असम, बंगाल और बिहार सहित सात राज्यों में पेट्रोल, डीजल के दाम में कम से दो पैसे और अधिकतम 2.13 रुपये लीटर तक वृद्धि हुई है।
समायोजन से रसोई गैस के दाम भी छह राज्यों में बढ़े हैं, असम में अधिकतम वृद्धि 19.43 रुपये रही है जबकि आठ राज्यों में केरोसिन के दाम में अधिकतम 0.85 पैसे की मामूली वृद्धि दर्ज की गई।
राज्यों में लगने वाले विभिन्न करों को समायोजित करने की इस प्रक्रिया में गुजरात, कर्नाटक, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश सहित 11 राज्यों में पेट्रोल, डीजल के दाम में न्यूनतम दो पैसे और अधिकतम 1.06 रुपये प्रति लीटर गिरावट भी आई है। इसके साथ ही 12 राज्यों में रसोई गैस के दाम घटे हैं। सबसे ज्यादा कमी गुजरात में 10.18 रुपये प्रति सिलेंडर की दर्ज की गई। नौ राज्यों में केरोसिन के दाम में अधिकतम 16 पैसे की गिरावट दर्ज की गई।
राज्यों में कच्चे तेल पर लगने वाला प्रवेश कर, बिक्री कर पर अधिभार और कंपनियों के बीच होने वाली खरीद बिक्री पर सीएसटी और खरीद कर ऐसे शुल्क एवं अधिभार हैं जिनकी तेल कंपनियों को भरपाई नहीं की जाती है। वर्ष 2002.03 से विभिन्न राज्यों में उनके शुल्कों के अनुसार वसूले जाने वाले राज्य अधिभार को अपरिवर्तित रखा गया था। उसके बाद से तेल कंपनियों को इस तरह के करों पर काफी नुकसान हो रहा था। इसलिये कंपनियों ने अब राज्य विशिष्ट लागत के अनुसार नया ढांचा तैयार किया है ताकि इनकी वसूली हो सके।
अलग अलग राज्य के स्थानीय करों के हिसाब से पेट्रोल, डीजल के दाम समायोजित करने के बाद 11 राज्यों में पेट्रोल, डीजल के दाम कम हुये हैं, नौ राज्यों में केरोसिन और 12 राज्यों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम घटे हैं। दूसरी तरफ सात राज्यों में पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़े हैं जबकि आठ राज्यों में केरोसिन के और छह राज्यों में रसोई गैस के दाम में वृद्धि दर्ज की गई।
राज्यों में लगने वाले ऐसे शुल्क एवं कर जिनकी भरपाई तेल कंपनियों को नहीं की जाती रही है उसके लिये केन्द्र सरकार ने जनवरी 2003 में एक योजना अधिसूचित की जिसके तहत ऐसे करों की भरपाई की व्यवस्था की गई। इस योजना को वसूल नहीं होने वाले करों की क्षतिपूर्ति योजना 2002 नाम दिया गया। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 26, 2012, 00:39