Last Updated: Tuesday, February 26, 2013, 09:21

बार्सिलोना : नोकिया ने आज चार नए हैंडसेट पेश किए। इनमें उसका सबसे सस्ता मोबाइल फोन भी है जिसकी कीमत 15 यूरो यानी लगभग 1,100 रुपये है। इसके अलावा कंपनी ने अपने स्मार्टफोन पोर्टफोलियो का भी विस्तार किया है जिसके जरिये वह अपनी वैश्विक प्रतिद्वंद्वियों सैमसंग और एप्पल से गंवाई गई बाजार हिस्सेदारी को वापस पाने का इरादा रखती है।
नोकिया 105 अभी तक कंपनी का सबसे सस्ता हैंडसेट है जिसकी कीमत 15 यूरो है। कलर स्क्रीन वाले इस हैंडसेट में एफएम रेडियो और डस्ट प्रूफ कीपैड है। भारत में नोकिया के सबसे सस्ते हैंडसेट का दाम 1,250 रुपये है।
नोकिया के अध्यक्ष एवं सीईओ स्टीफन इलाप ने कहा कि आज की पेशकश हमारी अपने उपकरणों और सेवाओं के पोर्टफोलियो के विस्तार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारा मकसद दुनिया में लोगों और कारोबार जगत की जरूरतों को पूरा करने का है।
खासकर भारत जैसे बाजार में नोकिया सस्ते हैंडसेट के मामले में पिछड़ रही है। भारतीय बाजार मुख्य रूप से फीचर्स फोन का बाजार है जिसकी हिस्सेदारी करीब 94 प्रतिशत है। उद्योग की रिपोर्ट के अनुसार नोकिया बाजार में सबसे आगे हैं, लेकिन सैमसंग और माइक्रोमैक्स जैसी कंपनियां उसे टक्कर दे रही हैं।
नोकिया ने एक बयान में कहा कि नोकिया 105 15 यूरो में उपलब्ध होगा। 2013 की पहली तिमाही में उसे पेश किया जाएगा और धीरे-धीरे यह हैंडसेट चीन, मिस्र, भारत, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, रूस, वियतनाम तथा अफ्रीका, पश्चिम एशिया, एशिया प्रशांत तथा यूरोप के अन्य बाजारों में बिकने लगेगा।
नोकिया का एक अन्य हैंडसेट 301 सस्ती दर पर इंटरनेट तथा ईमेल सुविधा प्रदान करेगा। इसका दाम 65 यूरो यानी 4,600 रुपये रहने की उम्मीद है। नोकिया 301 2013 की दूसरी तिमाही से उपलब्ध होगा। यह अफ्रीका, भारत, यूरोप, एशिया प्रशांत, पश्चिम एशिया तथा लातिनी अमेरिका जैसे 120 देशों में उपलब्ध होगा।
इलाप ने कहा कि उचित मूल्य पर बेहतर अनुभव की पेशकश के जरिये हम सस्ते मोबाइल उपकरण बाजार में नई प्रतिस्पर्धा पेश करेंगे।
नोकिया ने लूमिया 720 और लूमिया 520 के साथ अपनी लूमिया श्रृंखला का भी विस्तार किया है। कंपनी ने यहां मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में ये हैंडसेट पेश किए।
लूमिया 520 नोकिया का सबसे सस्ता विडोज फोन 8 स्मार्टफोन होगा। इसका दाम 139 यूरो होगा। पहली तिमाही में यह फोन हांगकांग, वियतनाम तथा दूसरी तिमाही में यूरोप, एशिया, लातिनी अमेरिका में उपलब्ध होगा।
नोकिया लूमिया 720 हाईएंड कैमरा के साथ है। इसके साथ नोकिया म्यूजिक एप्लिकेशन भी मिलेगी। इसका दाम 249 यूरो होगा। पहली तिमाही में यह हैंडसेट हांगकांग, वियतनाम तथा सिंगापुर और दूसरी तिमाही में चीन, यूरोप, एशिया, अफ्रीका तथा भारत में उपलब्ध होगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 25, 2013, 16:54