अलोंसो, बोल्‍ट, जोकोविक से भी ज्‍यादा अमीर हैं महेंद्र सिंह धोनी

अलोंसो, बोल्‍ट, जोकोविक से भी ज्‍यादा अमीर हैं धोनी

अलोंसो, बोल्‍ट, जोकोविक से भी ज्‍यादा अमीर हैं धोनीज़ी मीडिया ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : क्रिकेट के मैदान पर नित नए कीर्तिमान रचते जा रहे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी अब अन्‍य क्षेत्रों में भी रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं। यहां हम बात कर रहे हैं धोनी की कमाई की। इस मामले में भी वे विश्‍व के कई नामी गिरामी खिलाडि़यों से भी आगे हो गए हैं।

धोनी सर्वाधिक कमाई करने वाले दुनिया के शीर्ष 100 खिलाड़ियों में वह 16वें स्थान पर हैं और वह फार्मूला वन स्टार फर्नांडो अलोंसो, टेनिस के बादशाह नोवाक जोकोविच तथा दुनिया के सबसे तेज धावक उसैन बोल्ट से कहीं ज्‍यादा अमीर हैं। बिजनेस पत्रिका फोर्ब्‍स ने अपने वार्षिक खेल सर्वे में पिछले एक वर्ष की कमाई के आधार पर यह आंकड़ा बीते दिनों जारी किया है।

ज्ञात हो कि गोल्फ के बादशाह टाइगर वुड्स एक बार फिर कमाई करने में नम्बर वन बन गए हैं, जबकि 17 ग्रैंड स्लैम खिताबों पर कब्जा रखने वाले स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान धोनी इस सूची में 16वें और क्रिकेट में रिकार्डों के बादशाह सचिन तेंदुलकर संयुक्त 51वें स्थान पर हैं।

अलोंसो 19वें, विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के जोकोविच 28वें, क्ले कोर्ट किंग स्पेन के राफेल नडाल 30वें और 100 तथा 200 मीटर के विश्व रिकार्डधारी और ओलंपिक चैंपियन जमैका के उसैन बोल्ट 40वें स्थान पर हैं।
वुड्स एक बार फिर गोल्फ रैंकिंग में नम्बर वन पोजिशन पर वापस लौटे हैं और अब कमाई में भी नंबर वन बन गए। वुड्स की पिछले एक वर्ष की कमाई सात करोड़ 80 लाख डॉलर है।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान धोनी की कमाई तीन करोड़ 15 लाख डॉलर हैं, जिसमें प्रायोजन से दो करोड़ 80 लाख डॉलर और वेतन एवं पुरस्कार राशि से 35 लाख डॉलर शामिल हैं।

उधर, महिला खिलाडि़यों में टेनिस सनसनी मारिया शारापोवा सबसे आगे हैं। विश्व की दूसरे नम्बर की टेनिस खिलाड़ी रुस की मारिया शारापोवा 22वें स्थान के साथ सर्वाधिक कमाई करने वाली महिला खिलाड़ी हैं। शारापोवा की कमाई दो करोड़ लाख 90 डॉलर बताई गई है।

First Published: Friday, June 7, 2013, 10:39

comments powered by Disqus