Last Updated: Saturday, February 18, 2012, 13:13
कोलकाता : कंपाउंड वर्ग में शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने आज बैंकाक में एशियाई ग्रां प्री तीरंदाजी के पहले दिन व्यक्तिगत वर्ग में एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता।
यहां मिली जानकारी के मुताबिक कंपाउंड तीरंदाजों ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता जबकि रिकर्व वर्ग में टीम को दो रजत पदक मिले।
युवा चितिबोमा जिगनास और राष्ट्रीय चैम्पियन रजत चौहान ने पुरुष कंपाउंड वग्र में भारत को शीर्ष दो स्थान दिलाए। फाइनल में जिगनास और चौहान दोनों का स्कोर 144..144 से बराबर था। दोनों ने इसके बाद बुल्स आई पर निशाना लगाया लेकिन जिगनास का तीर केंद्र के अधिक करीब था जिसके कारण स्वर्ण पदक मिला।
भारत ने क्लीन स्वीप का मौका गंवा दिया जब रितुल चटर्जी कांस्य पदक के प्ले आफ में वियतनाम के एनगुएन टिएन कुओंग से 143 . 147 से हार गए।
महिला कंपाउंड के सेमीफाइनल में झानू हंसदा और गगनदीप कौर दोनों को शिकस्त का सामना करना पड़ा। झानू को स्वर्ण पदक जीतने वाले म्यामां की ओंग एनगीन ने 145 . 142 से हराया जबकि गगनदीप को मलेशिया की नूरफतेहाह माट सालेह फातिन ने 143 . 141 से शिकस्त दी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 18, 2012, 18:43