Last Updated: Sunday, March 24, 2013, 10:12

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर जारी चौथे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को अपनी पहली पारी में 272 रन बनाए। आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 262 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारत को 10 रनों की बढ़त प्राप्त हुई है। भारतीय टीम खुद कोटला पिच की 'बदसूरती' में फंस गई। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक आठ विकेट पर 266 रन बनाए थे। भुवनेश्वर कुमार 10 रनों पर नाबाद लौटे थे, जबकि नए बल्लेबाज का विकेट पर आगमन नहीं हुआ था। रविचंद्रन अश्विन (12) का विकेट गिरने के साथ दिन का खेल समाप्त कर दिया गया था।
तीसरे दिन इशांत शर्मा और भुवनेश्वर बल्लेबाजी के लिए उतरे। भुवनेश्वर ने ग्लेन मैक्सवेल की गेंद पर चौका लगाकर जोरदार आगाज किया, लेकिन नेथन लियोन द्वारा फेंके गए अगले ओवर की पहली ही गेंद पर इशांत बोल्ड हो गए। इशांत खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद लियोन ने दूसरी ही गेंद पर प्रज्ञान ओझा (0) को पगबधा आउट करके भारतीय पारी समाप्त कर दी। भुवनेश्वर 14 रनों पर नाबाद लौटे। लियोन ने 94 रन देकर सात विकेट हासिल किए। टेस्ट मैचों में लियोन का यह अब तक का श्रेष्ठ प्रदर्शन है।
भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा (52) और मुरली विजय (57) ने अर्धशतक लगाए, जबकि सचिन तेंदुलकर (32), कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (24), रवींद्र जडेजा (43) रनों का योगदान दिया था।
भारतीय टीम चार मैचों की इस श्रृंखला 3-0 से अपने नाम कर चुकी है। भारतीय टीम 4-0 से यह श्रृंखला जीतते हुए एक इतिहास कायम करना चाहेगी। उसने अपने 81 साल के टेस्ट इतिहास में अब तक एक बार भी इस अंतर से कोई श्रृंखला नहीं जीती है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 24, 2013, 10:10