खुशबीर कौर ने पैदल चाल में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

खुशबीर कौर ने पैदल चाल में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

खुशबीर कौर ने पैदल चाल में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड मास्को : खुशबीर कौर ने आज यहां 14वीं आईएएएफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 20 किमी पैदल चाल में 39वां स्थान हासिल किया लेकिन इसके बावजूद वह अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार करने में सफल रही। बीस वर्षीय खुशबीर ने एक घंटा, 34 मिनट और 28 सेकेंड का समय लिया और 62 एथलीटों के बीच 39वें स्थान पर रही। उन्होंने अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक घंटा, 37 मिनट 28 सेकेंड में तीन मिनट का सुधार किया। उन्होंने पिछला रिकॉर्ड पिछले साल पटियाला में बनाया था।

लंदन ओलंपिक 2012 की चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक रूस की इलेना लैशमनोवा ने एक घंटा 27 मिनट आठ सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। यह समय उनके विश्व रिकॉर्ड एक घंटा 25 मिनट दो सेकेंड से लगभग दो मिनट अधिक है। रूस की एक अन्य एथलीट ओर पिछली विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली अनिस्या किदयापकिना ने एक घंटा 27 मिनट 11 सेकेंड का समय लेकर रजत जबकि चीन की होंग लियु ने एक घंटा 28 मिनट 10 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। लियु ने पिछली विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, August 13, 2013, 19:50

comments powered by Disqus