Last Updated: Sunday, February 24, 2013, 18:05

चेन्नई : भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में 8 विकेट पर 515 रन बनाए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 206 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि विराट कोहली ने 107 रन की पारी खेली। आस्ट्रेलिया की ओर से जेम्स पैटिनसन ने चार जबकि नाथन लियोन ने तीन विकेट चटकाए। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 380 रन बनाए थे। इस तरह भारत की बढ़त 135 रन की हो गई है जबकि उसके दो विकेट शेष हैं।
भारत ने सुबह तीन विकेट पर 182 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसने आज पहले सत्र में 81, दूसरे सत्र में 108 और तीसरे सत्र में 144 रन जोड़े। इस तरह से भारत आज 333 रन बनाने में सफल रहा। सुबह आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जब विकेट नहीं ले पाये तो कप्तान माइकल क्लार्क ने लियोन को गेंद सौंपी। तेंदुलकर के खिलाफ कल एलबीडब्ल्यू की विश्वसनीय अपील करने वाले इस आफ स्पिनर ने दिन के अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर मास्टर ब्लास्टर को पवेलियन भेज दिया। तेंदुलकर तीन साल बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने की अच्छी स्थिति में दिख रहे थे लेकिन आस्ट्रेलियाई स्पिनर की आफ स्टंप के बाहर ‘रफ एरिया’ में की गयी गेंद इस स्टार बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लेकर विकेटों में समा गयी। तेंदुलकर ने 159 गेंदें खेली तथा सात चौके लगाये।
धोनी खुद छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्हें रन बनाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। दूसरी तरफ कोहली ने सतर्कता और आक्रामकता दोनों का प्रदर्शन किया। उन्होंने ढीली गेंदों का इंतजार किया तथा लियोन की एक ऐसी ही गेंद मिडविकेट पर छह रन के लिये भेजी। भारत ने लंच के बाद चार विकेट पर 263 रन से पारी आगे बढ़ायी और अच्छी तेजी से रन बटोरे। कोहली और धोनी ने प्रवाहमय बल्लेबाजी की। क्लार्क ने गेंदबाजी में लगातार बदलाव किये और यहां तक कि स्वयं भी गेंदबाजी की लेकिन वह रन प्रवाह पर रोक नहीं लगा पाये। कोहली ने पारी के 87वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा करने के साथ ही स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया। धोनी इससे प्रभावित नहीं हुए।
इस बीच केवल एक बार रविंदर जडेजा के साथ गफलत के कारण वह रन आउट होने से बचे। उन्होंने सिडल की गेंद स्क्वायर लेग पर चार रन के लिये भेजकर छठा टेस्ट शतक पूरा किया। इसके बाद लियोन पर छक्का जड़कर टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन पूरे किये। धोनी ने लियोन को आगे भी अपने निशाने पर रखा और जब पैटिनसन अपना अगला स्पैल करने के लिये आये तो उनके ओवर में दो चौके जड़कर अपना स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।
भारतीय कप्तान ने लियोन को अपने विशेष निशाने पर बनाये रखा और उनके एक ओवर में दो छक्के लगाये। उन्होंने दिन के अंतिम क्षणों में लियोन की गेंद पर एक रन लेकर अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया। इसके लिये उन्होंने 231 गेंदें खेली तथा 21 चौके और पांच छक्के लगाये। इससे पहले धोनी का उच्चतम स्कोर 148 रन था जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2006 में फैसलाबाद में बनाया था। जडेजा (16) फिर से अपने चयन को सही साबित नहीं कर पाये और पैटिनसन ने उनकी गिल्लियां बिखेरकर चौथा विकेट लिया। रविचंद्रन अश्विन (3) और हरभजन सिंह (11) भी बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 24, 2013, 15:06