Last Updated: Friday, May 18, 2012, 09:19
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ल्यूक पॉमर्शबैक पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला ने कहा है कि भारत में उसके साथ जो कुछ भी हुआ उसपर वह विश्वास नहीं कर पा रही है। महिला ने कहा है कि यह सब एक फाइव स्टार होटल में हुआ जहां सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं था।
पीड़ित महिला ने बताया कि यह वाकया उस समय हुआ जब पॉमर्शबैक और उनके साथ आए कुछ अन्य लोग शराब पीने के लिए उनके साथ शामिल हो गए। महिला ने बताया कि हम एक फाइव स्टार होटल में ठहरे हुए थे और ड्रिंक लेने के लिए दोस्तों के साथ निचली मंजिल पर गए थे। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने मेरे मंगेतर से कहा कि वह भी हमारे साथ ड्रिंक लेना चाहता है। वह हमारे साथ आ गया। हम उसे मना नहीं करना चाहते थे।
महिला ने कहा कि इसके बाद हम अपने कमरे की ओर आने लगे। मैंने सोचा कि दोनों जब बातें कर रहे हैं तो मैं उन्हें छोड़कर अपने बेडरूम की ओर बढ़ने लगी। इसके बाद उस आदमी ने मुझे पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। मेरे मंगेतर ने उसे रोका तो उसने उन्हें मारा-पीटा। मेरे मंगेतर शीशे की टेबल पर गिर गए और उन्हें चोटें आई।
महिला ने आरोप लगाया कि आईपीएल के अधिकारी उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। इस सिलसिले में महिला ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की भी धमकी दी गई।
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग खिलाड़ी ल्यूक पोमर्सबैक को अमेरिकी महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और उसके मंगेतर को पीटने के आरोप में शुक्रवार को राजधानी के पांच सितारा होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। आस्ट्रेलिया के पोमर्सबैक आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) टीम का हिस्सा हैं।
First Published: Friday, May 18, 2012, 22:28