Last Updated: Monday, July 8, 2013, 09:55

पोर्ट आफ स्पेन : श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला का महत्वपूर्ण लीग मैच यहां बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया। श्रीलंका ने टास गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में जब तीन विकेट पर 60 रन बनाये थे तभी बारिश आ गई। इसके बाद आगे का खेल नहीं हो पाया। अब यह मैच सोमवार को यहीं से आगे खेला जाएगा।
स्थानीय समयानुसार दोपहर बाद डेढ़ बजे बारिश थमी लेकिन मैदान को खेलने लायक तैयार करने में कम से कम दो घंटे का समय लगता इसलिए अंपायरों ने बचा हुआ खेल कल करवाने का फैसला किया। श्रीलंका अब तीन विकेट पर 60 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाएगा। पूर्व कप्तान कुमार संगकारा (नाबाद 11) और लाहिरू तिरिमाने (नाबाद 13) अभी क्रीज पर हैं। केमार रोच ने श्रीलंका को शुरू में ही करारे झटके दिये जिससे श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 29 रन हो गया। रोच ने अभी तक सात ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए हैं।
जैसन होल्डर ने 20 रन देकर एक विकेट लिया है। डेरेन सैमी ने अपने चार ओवर में केवल चार रन दिये हैं। भारत के खिलाफ शतक जड़ने वाले दोनों सलामी बल्लेबाज उपुल थरांगा और माहेला जयवर्धने लगातार गेंदों पर आउट हुए जिससे श्रीलंका बैकफुट चला गया। इन दोनों ने सात-सात रन बनाए। जयवर्धने और थरांगा दोनों ने रोच पर चौके जड़कर विश्वसनीय शुरूआत की थी।
थरांगा को पांच रन के निजी योग पर जीवनदान भी मिला था लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। रोच ने अगले ओवर में दिनेश चंदीमल (2) के बल्ले और पैड के बीच से गेंद निकालकर गिल्लियां गिरायी। इसके बाद संगकारा और तिरिमाने ने विकेट नहीं गिरने दिया लेकिन उन्हें रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। श्रीलंका की तरफ से आखिरी चौका तीसरे ओवर में लगा था। इसके बाद गेंद ने सीमा रेखा के दर्शन नहीं किए।
First Published: Monday, July 8, 2013, 09:55