Last Updated: Sunday, September 16, 2012, 20:54

चंडीगढ़ : भारत के युवा टेनिस खिलाड़ी युकी भाम्बरी और सनम सिंह ने डेविस कप एशिया-ओसेनिया ग्रुप-1 प्लेऑफ के पहले दौर के दोनों उलट एकल मुकाबले जीत लिए हैं। इस प्रकार भारत ने न्यूजीलैंड को 5-0 से पराजित कर दिया। भारत ने शनिवार को न्यूजीलैंड पर 3-0 की अपराजेय बढ़त बनाने के बाद एशिया ओसेनिया ग्रुप में 2013 के लिए अपनी जगह बरकरार रखा था।
रविवार को खेले गए पहले उलट एकल मुकाबले में दिल्ली के युकी ने जोस स्टैथम को 2-6, 7-5, 7-6(5) से पराजित किया।
स्थानीय खिलाड़ी सनम सिंह ने दूसरे और अंतिम उलट एकल मुकाबले में अर्टेम सिटाक को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से शिकस्त दी।
उल्लेखनीय है कि एकल स्पर्धा के पहले मुकाबले में युकी और विष्णु वर्धन ने अपने-अपने मैच जीतकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई थी।
इसके बाद युगल स्पर्धा में विष्णु ने दिविज शरण के साथ मिलकर शानदार जीत दर्ज की थी। इस प्रकार शनिवार को भारत को न्यूजीलैंड पर 3-0 की बढ़त प्राप्त थी।
भारत 2013 में एशिया ओसेनिया ग्रुप में बना रहेगा और वह 16 टीमों के एलीट विश्व ग्रुप में दोबारा जगह बनाने की कोशिश करेगा।
न्यूजीलैंड की टीम प्लेऑफ के दूसरे राउंड में चीनी ताइपे से भिड़ेगी। यह मुकाबला अक्टूबर में खेला जाएगा।
भारत का न्यूजीलैंड के खिलफ रिकॉर्ड 4-3 है। यह पहला मौका है जब भारत ने न्यूजीलैंड का सफाया किया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 16, 2012, 20:54