Last Updated: Thursday, June 27, 2013, 22:34

किंग्सटन (जमैका) : इंग्लैंड की बारिश, ठंड और तेज हवाओं से दूर भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी यहां की धूप देखकर काफी खुश थे। इंग्लैंड में आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी में खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम यहां त्रिकोणीय श्रृंखला खेलने पहुंची है।
धोनी ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, ‘सोचा था कि देर तक सोउंगा लेकिन सुबह सात बजे उठ गया। कोई बात नहीं कम से कम सुबह खूबसूरत धूप देखने को मिली जो ब्रिटेन में 30 दिन बिताने के बाद जरूरी थी।’ इंग्लैंड में एक महीने के बाद भारतीय खिलाड़ी धूप के लिये तरस रहे थे।
आफ स्पिनर आर अश्विन ने यहां पहुंचने के बाद ट्वीट किया, ‘जमैका में हमारा स्वागत तेज धूप से हुआ। कुछ क्रिकेट प्रशंसकों ने भी स्वागत किया लेकिन महान एथलीट उसेन बोल्ट के होर्डिंग को मत भूलिये। उन्होंने लिखा, ‘धूप देखकर अच्छा लगा। यह काफी कुछ घर जैसा महसूस होता है।’ सुरेश रैना ने अपने पेज पर लिखा, ‘जमैका में उतरे। लंबी फ्लाइट और ‘जैट लैग’ को जल्दी से जल्दी हटाना होगा। लेकिन मौसम काफी अच्छा है।
भारतीय कप्तान ने बर्मिंघम में भारतीय समुदाय के लोगों के समर्थन की भी प्रशंसा की। उन्होंने लिखा कि मैं यह बताना भूल गया। जब हम बर्मिंघम में खेल रहे थे, यह ऐसा लग रहा था जैसे हम भारत के स्टेडियम में खेल रहे हों। प्रशंसक बेहतरीन थे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 27, 2013, 22:34