Last Updated: Friday, March 15, 2013, 15:48

मोहाली : कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आज यहां फिलिप ह्यूज का कैच लेते ही आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों में 50 शिकार करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने। धोनी ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 40 कैच और दस स्टंप आउट किये हैं। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ भी 50 शिकार ( 46 कैच और चार स्टंप ) किये हैं।
धोनी ने अब तक टेस्ट मैचों में कुल 241 शिकार किये हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर ऐसे विकेटकीपर हैं जिन्होंने सात टीमों के खिलाफ 50 या इससे अधिक शिकार किये हैं। उन्होंने इंग्लैंड (105 ), वेस्टइंडीज ( 77 ), श्रीलंका ( 75), आस्ट्रेलिया ( 68 ), भारत ( 60 ), पाकिस्तान ( 55 ) और न्यूजीलैंड ( 50 ) के खिलाफ यह कारनामा किया है।
धोनी ने आस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क को भी स्टंप आउट किया। क्लार्क तब खाता भी नहीं खोल पाये थे। क्लार्क पहले ऐसे कप्तान हैं जो भारत के खिलाफ बिना खाता खोले स्टंप आउट हुए। कप्तान के रूप में क्लार्क पहली बार पहली गेंद पर आउट हुए। आस्ट्रेलियाई कप्तानों में ग्रेग चैपल पांच और रिकी पोंटिंग चार बार पहली गेंद पर पवेलियन लौट चुके हैं।
इस बीच भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा 50 या इससे अधिक टेस्ट खेलने वाले 27वें खिलाड़ी बने। इशांत ने अब 138 टेस्ट विकेट लिये हैं। भारतीय तेज गेंदबाजों में कपिल देव ने जब 50 टेस्ट मैच खेले थे तो उनके नाम पर 200 विकेट दर्ज थे। जवागल श्रीनाथ ने इतने मैचों में 185 और जहीर खान ने 160 विकेट लिये थे। आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फिलिप ह्यूज श्रृंखला में पांचवीं बार स्पिनरों के शिकार बने। उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ अभी तक इस श्रृंखला में 82 गेंद खेली हैं जिन पर आठ रन बनाये हैं और पांच बार आउट हुए हैं। उन्हें आज प्रज्ञान ओझा ने आउट किया। इससे पहले आर अश्विन ने उन्हें तीन जबकि रविंदर जडेजा ने एक बार आउट किया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 15, 2013, 15:48