Last Updated: Tuesday, September 24, 2013, 08:07
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: भरतारीय क्रिकेट टीम के कप्तान धोनी एक बार फिर अपने नए हेयर स्टाइल की वजह से सुर्खियों में हैं। वह अपने बालों के साथ हमेशा प्रयोग करने के लिए जाने जाते हैं। शायद ही भारतीय क्रिकेट टीम में कोई ऐसा खिलाड़ी हो जो अपने बाल के साथ इतना प्रयोग करता हो। यह भी कहा जाता है कि धोनी का बल्ला भले ना बदले लेकिन उनका हेयर स्टाइल समय समय पर बदलता रहता है। धोनी के स्टाइल की दुनिया भर में तारीफ होती है।
धोनी ने वर्ष 2004 में क्रिकेट करियर की शुरूआत की थी। उस समय धोनी के बाल लगभग कंधों तक लंबे थे। धोनी के लंबे बालों से वर्ष 2006 में तो पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ भी प्रभावित हो गए थे। भारत के पाकिस्तान दौरे पर प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान मुशर्रफ ने धोनी से कहा था कि भले ही बहुत सारे फैन्स ने आपको हेयरकट लेने के लिए कहा हो, लेकिन मेरी सलाह मानें तो आप इस हेयरस्टाइल में बहुत अच्छे लगते हैं।
वर्ष 2011 में श्रीलंका से वर्ल्ड कप जीतने के बाद कैप्टन कूल के क्लीन शेव हेयर लुक ने सबको चौंका दिया। गौरतलब है कि धोनी ने वादा किया था कि अगर भारत वर्ल्ड कप जीत गया तो वे अपना सर मुंडवाएंगे। उनका यह स्टाइल धोनी कट के नाम से फैन्स में पॉपुलर हो गया।
महेंद्र सिंह धोनी रविवार को एक बार फिर अपने हेयर स्टाइल की वजह से चर्चा में है। इस बार उन्होंने अपने बालों को नया लुक दिया । रविवार को रांची में टाइटन्स के खिलाफ मैच के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी नए लुक में नजर आए। धोनी ने अपनी नई हेयर स्टाइल इटली के फुटबॉल स्टार मारियो बालोटेली की तरह हेयर स्टाइल रखी है। इस स्टाइल में दोनों तरफ बिल्कुल भी बाल नहीं है और बीच में एक चोटी दिख रही है।
धोनी की हेयरस्टाइल फुटबॉलर डेविड बैकहम के हेयरस्टाइल से ज्यादा फेमस हैं। धोनी ने जनवरी 2012 में स्पाइक्स भी ट्राय किए। अपनी नई बाइक रेसिंग टीम की लॉन्चिंग के वक्त धोनी स्पाइकी लुक में नजर आए।
First Published: Monday, September 23, 2013, 17:02