Last Updated: Friday, November 16, 2012, 16:25

अहमदाबाद: चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लैंड के खिलाफ शुक्रवार यहां नाबाद 206 रन की पारी खेली जो पिछले दो साल से भी अधिक समय में भारत की तरफ से लगाया गया पहला दोहरा शतक है। पुजारा ने पहले भारत की तरफ से टेस्ट मैचों में आखिरी दोहरा शतक सचिन तेंदुलकर ने अक्टूवबर 2010 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलूर में लगाया था।
इस स्टार बल्लेबाज ने तब 214 रन की पारी खेली थी। इसके बाद पुजारा के दोहरे शतक तक भारत की तरफ से टेस्ट मैचों में उच्चतम स्कोर 191 रन था जो नवंबर 2010 में द्रविड़ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में बनाया था। भारत की तरफ से 2011 में कोई भी बल्लेबाज दोहरे शतक के करीब नहीं पहुंचा। बीते वर्ष वीवीएस लक्ष्मण ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में नाबाद 176 रन की सर्वोच्च पारी खेली थी। पुजारा टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले 19वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
भारत की तरफ से वैसे यह कुल 41वां दोहरा शतक है। तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने छह-छह, राहुल द्रविड़ ने पांच, सुनील गावस्कर ने चार तथा वीवीएस लक्ष्मण, वीनू मांकड़, विनोद कांबली, वसीम जाफर और दिलीप सरदेसाई ने दो-दो दोहरे शतक जमाए हैं। इसके साथ ही पुजारा पाकिस्तान के जहीर अब्बास, वेस्टइंडीज के विवियन रिचर्डस और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ के साथ विशिष्ट क्लब में शामिल हो गये हैं। इन सभी ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में ही दोहरा शतक लगाया था।
जहीर ने 274, रिचर्डस ने 232 और स्मिथ ने 277 रन बनाए थे। पुजारा का यह छठे टेस्ट मैच की नौंवी पारी है। इस तरह से सबसे कम पारियों में दोहरा शतक जड़ने वाले भारतीयों की सूची में तीसरे नंबर पर काबिज हो गए हैं। कांबली ने चौथी टेस्ट पारी और गावस्कर ने आठवीं पारी में दोहरा शतक लगाया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 16, 2012, 16:18