Last Updated: Friday, March 15, 2013, 14:00

नई दिल्ली : भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली आगामी हॉकी श्रृंखला रद्द कर दी है। इस आशय की घोषणा विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को की। विदेश मंत्रालय का यह निर्णय ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले गुरुवार को पाकिस्तान की नेशनल एसेम्बली ने प्रस्ताव पारित कर तिहाड़ जेल में गत माह आतंकवादी अफजल गुरु को दी गई फांसी की निंदा की थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच पांच मैचों की हॉकी श्रंखला 5 से 15 अप्रैल तक आयोजित की जानी थी। जिसके बाद भारत को पाकिस्तान का दौरा कर वहां 23 अप्रैल से होने वाली हॉकी श्रंखला के दूसरे चरण में भाग लेना था।
हॉकी इंडिया (एचआई) के महासचिव नरिदंर बत्रा ने बताया कि इस श्रंखला को खेल मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने मंजूरी दी थी। परंतु विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को हमें सूचित किया कि श्रृंखला रद्द कर दी गई है। अफजल गुरु को 13 दिंसबर 2001 को भारतीय संसद पर हुए हमले की साजिश रचने का दोषी पाए जाने पर फांसी की सजा सुनाई गई थी। लगभग आठ साल बाद पिछले माह नौ फरवरी को गुरु को तिहाड़ जेल में फांसी देने के बाद उसके शव को वहीं दफना दिया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 15, 2013, 13:14