भारत ने श्रीलंका के सामने रखा 295 रनों का लक्ष्य

भारत ने श्रीलंका के सामने रखा 295 रनों का लक्ष्य

पाल्लेकेले (केंडी) : पाल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को जारी श्रृंखला के पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने 295 रनों का लक्ष्य रखा है।

भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 294 रन बनाए जिनमें सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर के सर्वाधिक 88, मनोज तिवारी के 65 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के 58 रन शामिल हैं।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसकी ओर से पारी की शुरुआत अजिंक्य रहाणे और गम्भीर ने की। रहाणे नौ रन के निजी योग पर थिसारा परेरा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। उन्होंने गम्भीर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 29 रन जोड़े।

कोहली के रूप में भारत को दूसरा झटका लगा। कोहली को 23 रन के निजी योग पर नुवान प्रदीप ने पगबाधा आउट किया। उन्होंने गम्भीर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।

रोहित शर्मा का खराब फार्म इस मैच में भी बदस्तूर जारी रहा। वह चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गम्भीर ने तिवारी के साथ मिलकर पारी को मजबूती देने की कोशिश की।

दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। तिवारी को लसिथ मलिंगा ने परेरा के हाथों कैच कराया।

सुरेश रैना कुछ खास नहीं कर सके और वह खाता खोले बगैर आउट हुए। रैना को मलिंगा की गेंद पर लाहिरू थिरिमाने ने कैच किया। गम्भीर के रूप में भारत का छठा विकेट गिरा। उन्हें सचित्रा सेनानायके ने मलिंगा के हाथों कैच कराया।

धौनी को मलिंगा ने दिनेश चांदीमल के हाथों कैच कराया। धौनी ने इरफान पठान के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 77 रन जोड़े। पठान (29) और रविचंद्रन अश्विन (2) नाबाद लौटे।

श्रीलंका की ओर से मलिंगा ने तीन जबकि प्रदीप ने दो व परेरा और सेनानायके ने एक-एक विकेट झटका।

भारत इस श्रृंखला में 3-1 से आगे है। भारत ने इस मुकाबले के लिए अपनी टीम में एक परिवर्तन किया है। वीरेंद्र सहवाग अस्वस्थ होने के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। सहवाग की जगह रहाणे को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

श्रीलंका के नियमित कप्तान माहेला जयवर्धने और स्पिनर रंगना हेराथ को आराम दिया गया है। जयवर्धने की जगह चमारा कापूगेडरा और हेराथ की जगह ऑफ स्पिनर सेनानायके को श्रीलंका की अंतिम एकादश टीम में जगह दी गई है। इस मुकाबले में एंजेलो मैथ्यूज श्रीलंका की कप्तानी कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 4, 2012, 18:48

comments powered by Disqus