Last Updated: Saturday, November 12, 2011, 14:43
नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता को समाप्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने अगले साल ओलंपिक क्वालीफायर भारत में ही कराने का फैसला किया। इसके साथ ही हाकी इंडिया ही देश में खेल के संचालन के लिए राष्ट्रीय महासंघ होगा।
एक बड़े फैसले में एफआईएच कार्यकारी बोर्ड ने लुसाने में हुई बैठक में ओलंपिक क्वालीफायर और अन्य बड़े हॉकी टूर्नामेंट भारत में ही कराने का फैसला सर्वसम्मति से लिया। इसके साथ ही भारत में राष्ट्रीय खेल महासंघ के तौर पर हॉकी इंडिया को ही मान्यता देने का फैसला किया गया।
एफआईएच अध्यक्ष लिएंड्रो नेग्रे ने लुसाने से खेलमंत्री अजय माकन को इस फैसले की जानकारी दी। ओलंपिक क्वालीफायर अगले साल 15 से 26 फरवरी तक भारत में होना है। माकन ने इस फैसले पर संतोष जताते हुए इसे मंत्रालय, हाकी इंडिया और एफआईएच द्वारा किए गए प्रयासों का उचित परिणाम बताया।
एफआईएच ने हॉकी इंडिया को उसकी कार्यकारी परिषद के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था। एफआईएच ने अगले महीने होने वाली कार्यकारी बोर्ड की बैठक में हाकी इंडिया को हाजिर रहने के लिए कहा है जिसमें भारत में खेल के प्रशासन संबंधी मसलों पर बात की जाएगी।
हॉकी इंडिया और भारतीय हाकी महासंघ के बीच चल रहे सत्ता के संघर्ष के कारण भारत पहले ही चैम्पियंस ट्राफी की मेजबानी न्यूजीलैंड को गंवा चुका है।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, November 12, 2011, 21:14