Last Updated: Sunday, July 28, 2013, 09:38

नई दिल्लीः पुलिस ने शनिवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि एक पत्रिका में हाथ में जूता लिए हुए हिंदू देवता के रूप में छपी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फोटो एनिमेशन के जरिए बनाई गई थी। महानगर दंडाधिकारी मयूरी सिंह के समक्ष पेश किए गए एक रिपोर्ट में पुलिस ने अदालत को बताया कि यह फोटो कला का एक नमूना है तथा धोनी की किसी धर्म का अनादर करने की कोई मंशा नहीं थी।
एक सामाजिक संगठन शिवसेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय महासचिव रजिंदर सिंह राजा द्वारा दाखिल एक याचिका की सुनवाई कर रहा था। रजिंदर ने अपनी याचिका में मांग की थी कि हिंदू धर्म एवं ईश्वर का अपमान करने के आरोप में धोनी, पत्रिका के प्रकाशक एवं संपादक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
पूर्वी दिल्ली के नंदनगरी पुलिस थाने के अधिकारियों ने यह रिपोर्ट अदालत के सम्मुख पेश की। पुलिस ने बताया कि पत्रिका दिल्ली से सटे हुए नोएडा के फिल्म सिटी से प्रकाशित हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के अधिकार क्षेत्र में आता है। न्यायालय अब इस मामले की सुनवाई नौ सितंबर को करेगा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 28, 2013, 09:38