Last Updated: Wednesday, July 17, 2013, 12:11
ज़ी मीडिया ब्यूरो रांची/दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के करीबी मित्र और हेलीकॉप्टर शॉट के जनक संतोष लाल का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने आज दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली।
गौर हो कि धोनी अपने इस मित्र की हरसंभव मदद कर रहे थे। संतोष को मंगलवार को अचेत अवस्था में इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया था। रणजी खिलाड़ी संतोष लाल अग्नाश्य संबंधित बीमारी से ग्रस्त थे।
धोनी के मित्र और पूर्व प्रशिक्षक चचंल भट्टाचार्य ने बताया कि भारतीय कप्तान ने गंभीर रूप से बीमार चल रहे अपने बचपन के मित्र संतोष लाल का हालचाल पूछा था और उनके अच्छे इलाज में हर संभव मदद कर रहे थे। संतोष लाल को गंभीर हालत में एयर एंबुलेंस के जरिये दिल्ली भर्ती कराया गया था। धोनी के अलावा संतोष लाल के अन्य मित्र भी उनकी मदद के लिए आगे आए थे और सभी ने मिलकर उनके इलाज के लिए धन एकत्रित किया।
धोनी ने संतोष के साथ रणजी ट्राफी के मैच खेले हैं और उन्होंने अनेक बार कहा है कि उन्होंने अपना प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर शाट संतोष लाल से रणजी खेलने के दौरान सीखा था।
First Published: Wednesday, July 17, 2013, 10:37