राज्य खेल अलंकरण समारोह में 466 खिलाड़ी सम्मानित

राज्य खेल अलंकरण समारोह में 466 खिलाड़ी सम्मानित

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के 466 प्रतिभावान खिलाड़ियों को विभिन्न खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने आज यहां बलबीर सिंह इनडोर स्टेडियम में विभित्र खेलों के 27 खिलाड़ियों को राज्य खेल पुरस्कार से नवाजा। इन्हें मिलाकर मुख्यमंत्री ने राज्य के 466 प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल और युवा कल्याण विभाग की ओर से विभित्र खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। उन्होंने इन खिलाड़ियों को लगभग 71 लाख रूपए की सम्मान राशि भेंट की।

सिंह ने इस दौरान सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। रमन सिंह ने समारोह में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान छत्तीसगढ़ निवासी सबा अंजुम का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिन्हें हाल ही में भारत सरकार ने अजरुन पुरस्कार से सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। रमन सिंह ने कहा कि विभित्र खेलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करके राज्य का गौरव बढ़ाया है।

सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के खिलाड़ियों को उनकी खेल प्रतिभा में निखार लाने के लिए राज्य, जिला, तहसील और विकासखंड स्तर पर भी हरसंभव सुविधा देने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में राज्य के जिला और संभागीय मुख्यालय बिलासपुर में लगभग 60 करोड़ रूपए की लागत से विशाल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिसका लोकार्पण जल्द किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 में गठित नौ नये जिलों के मुख्यालयों में भी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति दी गयी है। राजनांदगांव में हॉकी के एस्ट्रोटर्फ मैदान का निर्माण भी तेजी से पूर्णता की ओर है। सरगुजा में फुटबाल अकादमी की स्थापना हो चुकी है। राज्य सरकार की मंशा है कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी और हमारे युवा खेलों में भी उत्साह के साथ हिस्सा लें। मुख्यमंत्री ने राज्य खेल अलंकरण समारोह में पैरालंपिक (तैराकी) में राधा यादव, हैंडबाल दल (पुरूष) में शामिल अनिल कुमार कौशिक, साफ्टबाल में टी. निंगराज रेड्डी, तलवारबाजी में शीला देवांगन, रेणु और अशिता दोहरे को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार से सम्मानित किया। इसी तरह पैरालंपिक (तैराकी) में ममता पिस्दा, पॉवर लिफ्टिंग में मेघा साहू, कयाकिंग केनोइंग में सोनू साहू, बास्केटबॉल में अजय प्रताप सिंह, अंजना डेजी एक्का, संगीता कौर, शरणजीत कौर और हॉकी खिलाड़ी रेणुका राजपूत को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया।

सिंह ने श्रेष्ठ प्रशिक्षक के लिए वीर हनुमान सिंह पुरस्कार बुधराम सारंग (भारोत्तोलन) को प्रदान किया। शहीद पंकज विराम सम्मान से व्हालीबॉल खिलाड़ी शीला निकुंज, टेबल टेनिस खिलाड़ी विनय बैसवाड़े, कैरम खिलाड़ी के.जे. पॉल, वुशु खिलाड़ी मनोज ठाकुर, बेसबॉल खिलाड़ी सैयद मंजूर अली रिजवी, तैराकी खिलाड़ी कुमारी कृतिका चिचोंलकर और जूडो खिलाड़ी विजय कुमार नाग को सम्मानित किया। शहीद विनोद चौबे सम्मान से वालीबाल के लिए गुरूदयाल कौशल, कबड्डी के लिए शत्रुघन प्रसाद यादव, हॉकी के लिए गुलाम मुस्तफा हसन, बास्केटबॉल के लिए के.पी.एस. चौहान और सतीश चन्द्र त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, September 10, 2013, 20:04

comments powered by Disqus