Last Updated: Monday, September 3, 2012, 19:22

नई दिल्ली : कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टेस्ट क्रिकेट में विजयी छक्का जड़ने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गये हैं। धोनी ने बेंगलूर में आज न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में यह कारनामा किया। भारत को जीत के लिये पांच रन की दरकार थी और तब धोनी ने न्यूजीलैंड के स्पिनर जीतन पटेल की गेंद डीप मिडविकेट पर छह रन के लिये भेजकर भारत को जीत दिलायी। धोनी से पहले भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में विजयी छक्का जड़ने का कारनामा कपिल देव, हरभजन सिंह और सुरेश रैना कर चुके हैं।
कपिल ने 1986 में इंग्लैंड के खिलाफ लार्डस टेस्ट मैच में स्पिनर फिल एडमंड्स पर विजयी छक्का लगाया था। तब धोनी की तरह कपिल भी टीम के कप्तान थे। उनके बाद हरभजन ने 2002 में जिम्बाब्वे के खिलाफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में यह कारनामा दोहराया। उन्होंने हीथ स्ट्रीक की गेंद छह रन के लिये भेजकर टीम को जीत दिलायी थी। रैना ने श्रीलंका के खिलाफ अगस्त 2010 में पी सारा ओवल कोलंबो में विजयी छक्का जड़ने वाले क्रिकेटरों की सूची में अपना नाम लिखवाया था। रैना ने तब चनाका वेलेगेदारा की गेंद पर छक्का लगाया था। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 3, 2012, 19:22