Last Updated: Saturday, May 12, 2012, 10:24
कोलकाता : इंडियन प्रीमियर लीग के अंतर्गत ईडन गार्डेन स्टेडियम में शनिवार को खेले गए 58वें लीग मुकाबले में मुम्बई इंडियंस टीम ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 27 रनों से हरा दिया।
मुम्बई द्वारा जीत के लिए रखे गए 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइटराइडर्स निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट पर 155 रन ही बना सकी। नाइटराइडर्स की ओर से हरफनमौला जैक्स कैलिस ने सबसे अधिक 79 रन बनाए। नाइटराइडर्स की शुरुआत खराब रही। कुल योग में अभी एक रन ही जुड़ा था कि सलामी बल्लेबाज व कप्तान गौतम गम्भीर खाता खोले बगैर मुनाफ पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद मानविंदर बिस्ला भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और वह एक रन के निजी योग पर प्रज्ञान ओझा की गेंद पर मुनाफ को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए।
मनोज तिवारी के रूप में नाइटराइडर्स का तीसरा विकेट गिरा। हरफनमौला केरॉन पोलार्ड ने मनोज को 27 रन के निजी योग पर पगबाधा आउट किया। मनोज ने कैलिस के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। कैलिस ने 59 गेंद पर सात चौके और तीन छक्के लगाए। उन्हें ड्वेन स्मिथ की गेंद पर रोहित शर्मा ने कैच किया। हरफनमौला यूसुफ पठान (नाबाद 40) और देवब्रत दास (नाबाद 4) नाबाद लौटे। कैलिस और पठान ने चौथे विकेट के लिए 91 रन जोड़े। मुम्बई की ओर से मुनाफ, ओझा, पोलार्ड और स्मिथ ने एक-एक विकेट झटका।
इससे पहले रोहित शर्मा के नाबाद शतक की मदद से मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल के लीग मुकाबले मैच में आज एक विकेट पर 182 रन बनाकर केकेआर को 183 रन की चुनौती दी। शर्मा ने 60 गेंद में 109 रन बनाये जो आईपीएल में उनका पहला शतक है। इसमें 12 चौके और पांच छक्के शामिल थे। वहीं हर्शल गिब्स ने 58 गेंद में नाबाद 66 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने सचिन तेंदुलकर का विकेट जल्दी गंवा दिया। इसके बाद रोहित और गिब्स ने 106 गेंद में 167 रन की नाबाद साझेदारी की। यह इस सत्र की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी थी। तेंदुलकर पारी के तीसरे ही ओवर में साकिब अल हसन का शिकार हुए। इसके बाद गिब्स और रोहित ने पारी को संभाला।
अगले ओवर में रोहित ने ब्रेट ली को स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया। इसके बाद थर्डमैन पर चौका जड़ा। उसने साकिब के ओवर में दो चौके और एक छक्के समेत 14 रन लिये। रोहित ने अपना अर्धशतक 29 गेंद में पूरा किया। रजत भाटिया को छक्का लगाकर उसने मुंबई को 12 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। ली को तीन चौके लगाकर शुरूआत करने वाले गिब्स ने सहायक की भूमिका बखूबी निभाई और रोहित को स्ट्राइक देते रहे।
केकेआर के गेंदबाजों ने इस साझेदारी को तोड़ने की भरसक कोशिश की लेकिन रोहित जबर्दस्त फार्म में थे। दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी की और सुनील नरेन की खतरनाक फिरकी को संभलकर खेला। रोहित ने आईपीएल में अपना पहला शतक 52 गेंद में पूरा किया। केकेआर के गेंदबाजों का आलम यह था कि ली ने अपने चार ओवर में 44 रन दे डाले।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, May 12, 2012, 20:53