Last Updated: Wednesday, January 25, 2012, 04:09
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : खेल मंत्रालय ने हॉकी के जादूगर के नाम से मशहूर मेजर ध्यानचंद और तेंजिंग नॉर्गे का नाम देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की सिफारिश की है। सचिन तेंदुलकर का नाम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सरकार को नहीं भेजी है।
सूत्रों के हवाले से मिल रही खबर में कहा गया है कि भारत रत्न सम्मान के लिए खेल मंत्रालय ने मेजर ध्यानचंद के नाम की सिफारिश की है। इस खबर पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक कुमार ने कहा, 'यह पूरे हिंदुस्तान की भावनाओं का सम्मान है। मैं सभी की भावनाओं को सलाम करता हूं। मैं केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभारी हूं।'
खेल मंत्रालय ने मेजर ध्यानचंद के अलावा एक और नाम तेंजिंग नॉर्गे के लिए भी सिफारिश की है। हालांकि नॉर्गे की दावेदारी उतनी मजबूत नहीं है जितनी ध्यानचंद की। दूसरी तरफ देश के इस सर्वोच्च सम्मान के लिए सचिन तेंदुलकर के नाम की भी चर्चा उठी थी, लेकिन अभी तक बीसीसीआई ने सचिन के नाम की सिफारिश नहीं की है। इस संबंध में बीसीसीआई के राजीव शुक्ला का कहना है कि खेल मंत्रालय ही नाम भेजने के लिए अधिकृत है। खेल मंत्रालय खुद ही नाम तय करता है।
First Published: Thursday, January 26, 2012, 00:34