सुपर-8 के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की शर्मनाक हार

सुपर-8 के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की शर्मनाक हार

सुपर-8 के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की शर्मनाक हारकोलंबो : शेन वॉटसन (72) और डेविड वार्नर (नाबाद 63) की तूफानी पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने प्रेमदासा स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए सुपर-8 मुकाबले में भारत को 9 विकेट से हरा दिया। इस दौर में भारत की यह पहली हार है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 141 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने एक विकेट गंवाकर 14.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया। वॉटसन ने अपनी 42 गेंदों की पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए। वॉटसन का विकेट 133 रन के कुल योग पर गिरा।

दूसरी ओर, वार्नर ने अपनी अविजित अर्धशतकीय पारी में 41 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और तीन छक्के जड़े। ग्लेन मैक्सवेल चार रन बनाकर नाबाद लौटे। वॉटसन और वार्नर की जोड़ी को तोड़ने के लिए भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने सात गेंदबाज आजमाए लेकिन उन्हें हार सुनिश्चित होने तक सफलता नहीं मिली।

इससे पहले निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 140 रन बनाए। भारत की तरफ से इरफान पठान ने 31 एवं सुरेश रैना ने 26 रनों का योगदान दिया। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत का कोई बल्लेबाज टिक कर खेल नहीं सका। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की अनुपस्थिति में भारतीय पारी की शुरुआत गौतम गम्भीर एवं इरफान पठान ने की। गम्भीर 17 के निजी योग पर पैट कुमिंस के थ्रो पर दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए।

प्रतियोगिता में शानदार फार्म में चल रहे विराट कोहली भी 15 रन के निजी योग कुमिंस की गेंद पर डेनियल क्रिस्टियन को कैच थमा बैठे। युवराज सिंह ने आठ रन बनाए। उन्हें शेन वॉटसन की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने कैच आउट किया। इरफान पठान को 31 के निजी योग पर वॉटसन ने कैमरन व्हाइट के हाथों आउट कराया। इसके तुरंत बाद रोहित शर्मा एक रन के निजी योग पर मिशेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 15 के निजी योग पर कुमिंस की गेंद पर जॉर्ज बेली के हाथों लपके गए। इसके बाद रैना ने रन गति तेज करने की कोशिश में आखिरी ओवर में शेन वॉटसन की गेंद पर मैक्सवेल को कैच थमा बैठे। रविचंद्रन अश्विन 16 एवं हरभजन सिंह एक रन पर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ सबसे सफल गेंदबाज वॉटसन रहे। उन्होंने तीन विकेट झटके। कुमिंस को दो एवं स्टार्क को एक विकेट मिला। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 28, 2012, 19:55

comments powered by Disqus