Last Updated: Monday, September 2, 2013, 21:27

नई दिल्ली : लंदन ओलम्पिक की कुश्ती प्रतियोगिता में देश के लिये पदक जुटाने वाले योगेश्वर दत्त के बाद अब सुशील कुमार का भी भी चोटिल होने के कारण हंगरी के बुडापेस्ट में 16 सितंबर से होने जा रही विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेना तय नहीं है।
भारतीय कुश्ती महासंघ ने विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिये जाने वाले 22 पहलवानों की सूची में सुशील के 66 किलो वजन में अरुण कुमार के नाम की भी घोषणा की है। तीनों वर्गों फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन और महिला वर्ग में सात सात पहलवान प्रतिस्पर्धा पेश करेंगे।
सरकार के कुश्ती पर्यवेक्षक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान रह चुके नरेश कुमार ने बताया,‘सुशील दल के साथ विश्व प्रतियोगिता में अपने और देश के एकमात्र विश्व खिताब की रक्षा करने के लिये जाएगा लेकिन हाल तक उसके कंधे में चोट थी। वहां पर शिविर में उसके प्रदर्शन को देखने के बाद ही उसे मैट पर उतारने या नहीं उतारने के बारे में फैसला होगा वरना उसकी जगह अरूण कुमार चुनौती पेश करेगा।’
लगातार दो ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय सुशील ने 2010 में मास्को विश्व चैम्पियनशिप में खिताब जीता था। सुशील लंदन ओलम्पिक खेलों के बाद से किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 2, 2013, 21:27