हैदराबाद टेस्ट : अश्विन का चला जादू, न्यूजीलैंड को फॉलोऑन

हैदराबाद टेस्ट : अश्विन का चला जादू, न्यूजीलैंड को फॉलोऑन

हैदराबाद टेस्ट : अश्विन का चला जादू, न्यूजीलैंड को फॉलोऑनज़ी न्यूज खेल ब्यूरो
हैदराबाद : चेतेश्वर पुजारा की शानदार पारी के बाद रविचंद्रन अश्विन और प्रज्ञान ओझा की स्पिन जोड़ी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को 159 रन पर आउट कर फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया।

राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी 159 रनों पर सिमट गई। न्यूजीलैंड का अंतिम विकेट गिरने के साथ ही भोजनकाल की घोषणा हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन 43 रन पर नाबाद रहे। तीसरे दिन का खेल मैदान का आउटफील्ड गीला होने के कारण एक घंटे की देरी से शुरू हुआ।

न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 106 रन बनाए थे। कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज फ्रेंकलिन (31) और विकेट कीपर बल्लेबाज क्रूगर वान वैक (शून्य) ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत की। वैक अपनी कल की निजी रन संख्या में बिना कोई इजाफा किए उमेश यादव की गेंद पर पगबाधा आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डग ब्रेसवेल भी 17 रन बनाकर आउट हो गए।

ब्रेसवेल को प्रज्ञान ओझा की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी ने स्टम्प किया। जीतन पटेल को 10 रन के निजी योग पर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। ट्रेंट बोल्ट भी अश्विन के शिकार हुए। अश्विन ने बोल्ट को चार रन के निजी योग पर गौतम गम्भीर के हाथों कैच कराया। क्रिस मार्टिन को अश्विन ने अपना छठा शिकार बनाया। अश्विन ने मार्टिन को शून्य के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया।

भारत की ओर से स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने छह जबकि प्रज्ञान ओझा ने तीन विकेट झटके। यादव के खाते में एक विकेट गया। उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड की ओर से दूसरे दिन केन विलियमसन 32, ब्रैंडन मैक्कलम 22, डेनियल फ्लिन 16, मार्टिन गुपटिल और कप्तान रॉस टेलर दो-दो रन बनाकर आउट हुए थे। भारत ने पहली पारी में 438 रन बनाए थे।

First Published: Saturday, August 25, 2012, 12:20

comments powered by Disqus