हैप्पी बर्थ डे सचिन! तुम जियो हजारों साल... - Zee News हिंदी

हैप्पी बर्थ डे सचिन! तुम जियो हजारों साल...

चंडीगढ़ : मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर आज 39 साल के हो गए। इस मौके पर सचिन आज शाम को यहां होटल में अपने परिवार और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के साथ सादे समारोह में केक काटेंगे।

 

तेंदुलकर ने अपने जन्म दिन के लिए कोई खास योजना नहीं बनाई है लेकिन मुंबई इंडियंस के उनके साथ खिलाड़ियों ने शाम को केट काटने का कार्यक्रम रखा है। बुधवार को मुंबई इंडियंस को आईपीएल मैच में किंग्स इलेवन पंजाब से खेलना है। तेंदुलकर, उनकी पत्नी अंजलि और मुंबई इंडियंस टीम के खिलाड़ी सोमवार दोपहर की फ्लाइट से मुंबई से यहां पहुंचे हैं।

 

टीम जिस होटल में रूकी है, उसने भी तेंदुलकर के जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया है। यह समारोह हालांकि सादगीपूर्ण होगा जिसमें मुंबई इंडियंस टीम की मालिक नीता अंबानी भी मौजूद होंगी। जेडब्ल्यू मेरियट होटल के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘हमने तैयारी कर ली है लेकिन अभी तक तेंदुलकर की ओर से कोई सूचना नहीं आई है।’ कल देर रात तेंदुलकर ने स्थानीय उद्योगपतियों द्वारा आयोजित निजी पार्टी में हिस्सा लिया। उनके साथ मुंबई इंडियंस के जेम्स फ्रेंकलिन, प्रज्ञान ओझा और दिनेश कार्तिक भी मौजूद थे।

 

तेंदुलकर के प्रशंसकों ने उनका जन्म दिन मनाने की अपनी योजना बना रखी है। एक प्रशंसक ने कहा, ‘हम उन्हें जन्मदिन की बधाई देने आए हैं। अभी तक वे कमरे से बाहर नहीं निकले हैं। जब बाहर आएंगे तो हम उन्हें बधाई देंगे।’ पिछले साल अपने अध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के निधन के कारण तेंदुलकर ने जन्मदिन नहीं मनाया था। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 24, 2012, 17:15

comments powered by Disqus