हॉकी वर्ल्ड लीग : न्यूजीलैंड ने भारतीय महिलाओं को 7-0 से हराया

हॉकी वर्ल्ड लीग : न्यूजीलैंड ने भारतीय महिलाओं को 7-0 से हराया

रोटरडम : भारतीय महिला हॉकी टीम की शुरूआत आज यहां एफआईएच विश्व लीग के तीसरे राउंड में काफी खराब हुई, जिसे अपने से ऊंची रैंकिंग की न्यूजीलैंड से 0-7 से हार का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज न्यूजीलैंड आठ टीमों के टूर्नामेंट में दूसरी शीर्ष रैंकिंग की और पूल बी में शीर्ष टीम है।

उम्मीद के मुताबिक न्यूजीलैंड को 12वीं रैंकिंग पर काबिज भारतीयों के खिलाफ कोई समस्या नहीं हुई जो पूरी तरह से फार्म से बाहर दिख रही थी। भारतीय खिलाड़ी हालांकि खेल के शुरूआती कुछ मिनटों में अच्छी दिखीं लेकिन जैसे मैच आगे बढ़ा, उन्होंने लय गंवा दी। चार्लट हैरिसन ने आठवें मिनट में गोल कर शुरूआत की। इसके कुछ मिनट बाद भारत ने आत्मघाती गोल से न्यूजीलैंड की बढ़त दोगुनी कर दी।

कैटी ग्लीन ने 26वें और सियान फ्रेमाक्स ने 31वें मिनट में गोल कर पहले हाफ तक टीम को 4-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में चीजें कुछ अलग नहीं हुई, न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रमण जारी रखा और तीन गोल कर भारत को करारी शिकस्त दी। चार्लट ने 52वें और कैटी ने 69वें जबकि क्रिस्टल फोर्गेसन ने 53वें मिनट में गोल दागे।

आत्मघाती गोल के अलावा न्यूजीलैंड के लिये सभी गोल फील्ड गोल हुए। भारतीय महिला खिलाड़ियों के पास हालांकि अभियान पटरी पर लाने का मौका है क्योंकि कल उनकी भिड़ंत 13वीं रैंकिंग की बेल्जियम से होगी जबकि न्यूजीलैंड का सामना जर्मनी से होगा। (एजेंसी)

First Published: Thursday, June 13, 2013, 17:04

comments powered by Disqus