आईपीएल-6 : मुम्बई इंडियंस ने नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया

आईपीएल-6 : मुम्बई इंडियंस ने नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराया

आईपीएल-6 : मुम्बई इंडियंस ने नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हरायाकोलकाता: मुम्बई इंडियंस टीम ने बुधवार को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण के 33वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को पांच विकेट से हरा दिया। मैच का फैसला अंतिम ओवर में हुआ। नाइट राइडर्स द्वारा दिए गए 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुम्बई इंडियंस ने 19.5 ओवरों में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ मुम्बई इंडियंस टीम ने अपना 40वां जन्मदिन मना रहे सचिन तेंदुलकर को शानदार तोहफा दिया।

अंतिम ओवर में मुम्बई इंडियंस को जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। यह ओवर लेकर आए रजत भाटिया। कीरन पोलार्ड (33) पहली ही गेंद पर मनोज तिवारी के हाथों लपके गए। दूसरी गेंद पर अंबाती रायडू (नाबाद 13) ने एक रन लिए लेकिन तीसरी गेंद पर हरभजन सिंह (नाबाद सात) ने छक्का लगा दिया। चौथी गेंद पर हरभजन ने एक रन लिया और फिर पांचवीं गेंद पर रायडू ने चौका लगाकर मुम्बई इंडियंस को जीत दिला दी।

इस जीत ने मुम्बई इंडियंस को नौ टीमों की तालिका में छठे स्थान पर पहुंचा दिया है। नाइट राइडर्स सातवें स्थान पर खिसक गए हैं। दोनों टीमों ने सात-सात मैच खेले हैं। मुम्बई इंडियंस ने चार मैच जीते हैं जबकि नाइट राइर्ड्स को सिर्फ दो मैच में जीत मिली है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुम्बई इंडियंस की शुरुआत खराब रही थी। अपना 40वां जन्मदिन मना रहे सचिन इस मैच को यादगार नहीं बना सके और दो रन के निजी योग पर सुनील नरेन की गेंद पर बोल्ड हुए। उस समय कुल योग 29 रन था। सचिन ने छह गेंदों का सामना किया।

इसके बाद दिनेश कार्तिक (7) ने स्मिथ के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। कार्तिक ने छह गेंदों पर एक चौका लगाया। इस साझेदारी में अधिकांश योगदान स्मिथ का रहा। कार्तिक का विकेट सचित्रा सेनानायके ने लिया। मुम्बई इंडियंस का यह विकेट 64 रन के कुल योग पर गिरा।

स्मिथ एक उम्दा पारी खेलने के बाद 82 के कुल योग पर पवेलियन लौटे। स्मिथ की 45 गेंदों की पारी में तीन चौके और पांच छक्के शामिल हैं। नरेन ने स्मिथ को चलता किया। स्मिथ और रोहित के बीच 18 रनों की साझेदारी हुई।

इसके बाद रोहित और पोलार्ड ने चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों पर 50 रन जोड़े। रोहित 28 गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाकर नरेन की गेंद पर उन्हीं के हाथों कैच हुए।

पोलार्ड का विकेट 150 रन के कुल योग पर गिरा। पोलार्ड ने 24 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया और रायडू के साथ पांचवें विकेट के लिए 13 गेंदों पर 18 रन जोड़े।

इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए नाइट राइडर्स ने ने जैक्स कालिस (37), इयोन मोर्गन (31) और मनोज तिवारी (33) की उम्दा पारियों बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 159 रन बनाए।

नाइट राइडर्स ने पहले ही ओवर में आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 26 रन बनाए। पहले ओवर में तेज हाथ दिखाने वाले यूसुफ पठान (19) अभी जम भी नहीं पाए थे कि दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर मिशेल जॉनसन की गेंद का शिकार हो गए। पठान ने छह गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाया।

दूसरे विकेट के लिए कप्तान गौतम गंभीर (26) और कैलिस ने पारी को संभालते हुए 41 रनों की साझेदारी की। नाइट राइडर्स का दूसरा विकेट आठवें ओवर की अंतिम गेंद पर गंभीर के रूप में गिरा। वह प्रज्ञान ओझा की गेंद पर हरभजन सिंह को कैच थमा बैठे।

कालिस (37) की पारी भी 12वें ओवर की पांचवी गेंद पर सिमट गई। उन्हें ओझा ने रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट करवाया। कालिस ने अपनी 38 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए।

इसके बाद मोर्गन ने चौथे विकेट के लिए मनोज तिवारी के साथ अहम साझेदारी निभाते हुए 54 रन जोड़े। मोर्गन ने 25 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाया। मोर्गन 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर शर्मा के हाथों कैच आउट हुए।

लसिथ मलिंगा जब नाइट राइडर्स की पारी का आखिरी ओवर लेकर आए तो उसका स्कोर 19 ओवर में चार विकेट पर 156 रन था।

मलिंगा ने पारी के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर तिवारी (33) को बोल्ड कर दिया। तिवारी ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाया। मलिंगा ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर देवब्रत दास (6) को भी क्लीन बोल्ड कर दिया। नाइट राइडर्स के बल्लेबाज आखिरी ओवर में मात्र तीन रन ही बना सके।

मुंबई इंडियंस की तरफ से जॉनसन और ओझा और मलिंगा ने दो-दो विकेट हासिल किए। बारिश के कारण मैच निर्धारित समय 8.0 बजे की बजाय 8.30 बजे शुरू हुआ। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 24, 2013, 20:43

comments powered by Disqus