Last Updated: Tuesday, April 23, 2013, 19:42

नई दिल्ली : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से लेकर फर्राटा के बादशाह उसैन बोल्ट तक ट्विटर की दुनिया ने क्रिस गेल की नाबाद 66 गेंद पर नाबाद 175 रन की तूफानी पारी आज पूरे अदब से सलाम किया। टी-20 क्रिकेट इतिहास की सबसे जबर्दस्त पारी खेलने पर हर किसी ने गेल को सराहना करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। धोनी ने तो मजाकिया अंदाज में कहा कि गेल की पारी देखकर उन्हें खुशी हो रही है कि उन्होंने गेंदबाज बनने के बजाय विकेटकीपर बनने का फैसला किया।
धोनी ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा कि जिंदगी पूरी तरह सही फैसले करने से जुड़ी हुई है। आज गेल को बल्लेबाजी करते हुए देखकर मुझे लगा कि मैंने विकेटकीपर बनकर सही फैसला किया। ‘सर जडेजा सीरीज’ के बाद उन्होंने फिर से अपने मजाकिया अंदाज को पेश किया। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि जब भी आरसीबी बेंगलूर में खेलता है तब एचएएल अपने हल्के लड़ाकू विमान तेजस की उड़ान निलंबित कर देता है। इसकी परवाह नहीं कि वह तय कार्यक्रम से बाद में उड़ान भरता है। इसके लिये गेल का शुक्रिया।
बोल्ट ने ट्वीट किया। ‘‘मास्टरफुल परफोरमेन्स हेनरी गेल । ’’ वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने अपने इस पूर्व साथी की पारी को देखकर ट्वीट किया, ‘‘मुझे यह पसंद है जब गेल बल्लेबाजी करता है तो क्षेत्ररक्षक दर्शक बन जाते हैं और दर्शक क्षेत्ररक्षक बन जाते हैं। घर में बैठकर जबर्दस्त हिंटिंग का आनंद ले रहा हूं। ’’
बेंगलूर के श्रीलंकाई स्पिनर मुथया मुरलीधरन ने कहा, ‘‘मैं 20 साल से क्रिकेट खेल रहा हूं लेकिन मैंने इसतरह की हिटिंग कभी नहीं देखी। ’’ गेल ने अपनी पारी के दौरान तीन बार गेंद को स्टेडियम से बाहर पहुंचाया। इस पर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन की टिप्पणी थी, ‘‘वह (गेंद) बेंगलूर हवाई अड्डे तक पहुंच गयी। ’’ सुरेश रैना ने भी मजाकिया अंदाज में ट्वीट किया, ‘‘अभी अभी चेपक के उपर से गेंद निकली। क्या यह चिन्नास्वामी से आयी थी। ’’ राजस्थान रायल्स की सह मालकिन शिल्पा शेट्टी ने ट्वीट किया, ‘‘गेल की अविश्वसनीय पारी। ईश्वर की आभारी हूं कि हमारी टीम नहीं खेल रही थी।’’
रविचंद्रन अश्विन ने लिखा, ‘‘इस कत्लेआम पर सभी बल्लेबाज ट्वीट करने से खुश हैं। गेंदबाजों की तरफ से (गेंदबाजी मशीन को भी विकल्प की जरूरत है)। ’’ आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डीन जोन्स ने ट्वीट किया, ‘‘पुणे गेल का शतक पूरा होने पर गेंदबाजी समाप्ति की घोषणा करना चाहता था। दया का नियम भी लागू होना चाहिए। ’’ रोहित शर्मा ने लिखा, ‘‘यहां खराब मौसम के कारण अभयास रद्द कर दिया गया। अब गेल तूफान का लुत्फ उठाने का समय है। ’’ वेस्टइंडीज के कप्तान डेरेन सैमी ने ट्वीट किया, ‘‘ओ माई गॉड, हेनरीगेल। वह इंसान नहीं है। वह तो सुनामी है जिसमें परमाणु बम भी भरा है। ’’ (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 23, 2013, 19:42