ट्विटर पर मना मुंबई इंडियंस की जीत का जश्न --Twitterati celebrate MI triumph

ट्विटर पर मना मुंबई इंडियंस की जीत का जश्न

ट्विटर पर मना मुंबई इंडियंस की जीत का जश्न कोलकाता : मुंबई इंडियन्स को आईपीएल का नया चैंपियन बनने पर ट्विटर में बधाई संदेशों का तांता लग गया तथा मनोरंजन से लेकर क्रिकेट जगत की हस्तियों ने रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम की उपलब्धि की सराहना की। बालीवुड स्टार अभिषेक बच्चन मैच में डूबे हुए थे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यससससस । मुंबई।।। वेलडन। ’’ लेकिन जैसे ही सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल से संन्यास लेने की घोषणा की वह सकते में पड़ गये। जूनियर बच्चन ने लिखा, ‘‘नहीं अभी ऐसा नहीं होना चाहिए। ’’ रितेश देशमुख ने भी इसी तरह की भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने लिखा, ‘‘सचिन सुपर छह आईपीएल सत्रों के लिये आपका शुक्रिया। आपके फैसले का सम्मान करते हैं। हमें आपकी कमी खलेगी। ’’ इसके बाद उन्होंने मुंबई को बधाई संदेश भेजा, ‘‘ और हम जीत गये। मुंबई इंडियन्स। आप चैंपियन्स हो। ’’ मुंबई इंडियन्स के प्रयासों की सराहना करते हुए हस्तियों ने चेन्नई सुपरकिंग्स की कोशिशों को नहीं भुलाया जो लगातार दूसरे साल उप विजेता रही। विवेक ओबराय ने लिखा, ‘‘छह साल के इंतजार के बाद आखिर में मुंबई इंडियन्स जीत गयी। साहसिक पारी खेलने के लिये धोनी प्रशंसा के हकदार हैं लेकिन जीत से मैं बहुत खुश हूं। ’’ बालीवुड की तारिका सोनाक्षी सिन्हा भी काफी उत्साहित दिखी। उन्होंने लिखा, ‘‘येयेयेये मुंबई इंडियन्स। जश्न का समय है। शानदार जीत के लिये बधाई। ’’

पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने स्वीकार किया कि वह महेंद्र सिंह धोनी की प्रशंसक है लेकिन वह मुंबई इंडियन्स से वास्ता रखती है। उन्होंने लिखा, ‘‘मुंबई इंडियन्स को आईपीएल में पहली जीत पर बधाई। वह जीत की हकदार थी। धोनी को विषम परिस्थितियों के बावजूद अपनी ख्याति पर खरा उतरने के लिये बधाई। इस वन मैन आर्मी के लिये मेरे दिल में बहुत सम्मान है। शाबाश सीएसके। ’’ उद्योगपति विजय माल्या जिनकी टीम रायल चैलेंजर्स बेंगलूर प्ले आफ में जगह नहीं बना पायी, ने लिखा, ‘‘बधाई मुंबई इंडियन्स, आईपीएल छह चैंपियन। ’’ बालीवुड की अभिनेत्री और किंग्स इलेवन पंजाब टीम की मालिक प्रीति जिंटा ने भी मुंबई इंडियन्स को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘बधाई मुंबई इंडियन्स। मुंबई का होने के कारण आज रात मैं बहुत खुश हूं। सीएसके के लिये खेद है लेकिन आप पहले भी जीत चुके हो। धोनी अपने अच्छा खेल दिखाया। ’’ राजस्थान रायल्स के मालिक राज कुंद्रा ने मैनचेस्टर यूनाईटेड की इंग्लिश प्रीमियर लीग में जीत को इसकी बराबरी पर रखा। उन्होंने लिखा, ‘‘मैनचेस्टर यूनाईटेड ने ईपीएल और मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल जीता। हाहाहाहा शाबाश मुंबई पलटन। ’’ कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर ने भी मुंबई को बधाई दी। गंभीर की अगुवाई में पिछली बार केकेआर चैंपियन बना था। गंभीर ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई इंडियन्स को खिताब जीतने पर बधाई। शानदार जीत। आप सभी विशेषकर रोहित शर्मा के लिये खुश हूं। उम्मीद है कि वह आगे भी चमकता रहेगा। ’’

केकेआर के तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने लिखा, ‘‘मुंबई इंडियन्स को बधाई। उसने अपना काम अच्छी तरह से निबटाया। ’’ कोलकाता नाइटराइडर्स के ही एक अन्य खिलाड़ी मनोज तिवारी ने भी ट्वीट पर मुंबई को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘‘मैं अपने भाईयों रोहित और प्रज्ञान के लिये खुश हूं। आप दोनों लाजवाब हो। मुंबई इंडियन्स को आईपीएल का नया चैंपियन बनने पर बधाई। ’’ आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और सनराइजर्स हैदराबाद के अधिकतर मैचों में कप्तानी करने वाले कैमरून व्हाइट ने लिखा, ‘‘अच्छा खेल दिखाया। ’’ मुंबई इंडियन्स के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने ट्वीट किया, ‘‘हम आईपीएल चैंपियन हैं। मुंबई इंडियन्स रॉक्स। ’’ (एजेंसी)

First Published: Monday, May 27, 2013, 19:57

comments powered by Disqus