IPL नीलामी: बोली लगाने में मची होड़, मैक्सवेल सबसे महंगे बिके, Maxwell hits million dollar jackpot at IPL auction.

IPL नीलामी: बोली लगाने में मची होड़, मैक्सवेल सबसे महंगे बिके

IPL नीलामी: बोली लगाने में मची होड़, मैक्सवेल सबसे महंगे बिके चेन्नई : आस्ट्रेलिया के उदीयमान आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इंडियन प्रीमियर लीग की खिलाड़ियों की नीलामी में रविवार को यहां एक मिलियन डालर (पांच करोड़ 30 रुपए) की बड़ी धनराशि में मुंबई इंडियन्स से जुड़ गए जबकि अभिषेक नायर और आरपी सिंह की बोली भी काफी ऊंची लगी।

मुंबई इंडियन्स और नई फ्रेंचाइजी हैदराबाद सनराइज के बीच 24 वर्षीय मैक्सवेल को खरीदने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस आलराउंडर के अलावा कुछ अन्य खिलाड़ियों में ही फ्रेंचाइजी ने इतनी दिलचस्पी दिखाई।

कुल 108 खिलाड़ियों की बोली लगायी गई जिनमें से अधिकतर बिके नहीं जबकि कई खिलाड़ी अपने आधार मूल्य से आगे नहीं बढ़ पाए। मुंबई इंडियन्स की मालिक नीता अंबानी ने केवल आठ वनडे और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले मैक्सवेल पर बड़ी धनराशि लगाने के बारे में कहा, ‘वह उदीयमान खिलाड़ी है। वह बल्लेबाजी कर सकता है, गेंदबाजी कर सकता है और मैं समझती हूं कि वह बेहतरीन क्षेत्ररक्षक है। हमने यहां आने से पहले कुछ खिलाड़ियों को अपने दिमाग में रखा था और वह उनमें से एक था।’

अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला में खेल रहे मैक्सवेल पर जब फ्रेंचाइजी बोली लगा रही थी तो वह पर्थ में पहली गेंद पर बोल्ड हो गए। मैक्सवेल का आधार मूल्य दो लाख डॉलर था। घरेलू सत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुंबई के आलराउंडर अभिषेक नायर को पुणे वारियर्स ने छह लाख 75 हजार डालर (3. 5 करोड़ रुपए) में खरीदा। उनका आधार मूल्य एक लाख डॉलर था।

दक्षिण अफ्रीका के आलराउंडर योहान बोथा को दिल्ली डेयरडेविल्स ने चार लख 50 हजार डालर (2 . 3 करोड़ रुपए) में खरीदा। आस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क और उनके पूर्ववर्ती रिकी पोंटिंग में फ्रेंचाइजी ने अधिक दिलचस्पी नहीं दिखायी। दोनों अपनी बेस प्राइज चार लाख डालर (2 . 1 करोड़ रुपए) में बिके।

पोंटिंग को मुंबई ने जबकि क्लार्क को पुणे वारियर्स ने खरीदा। वेस्टइंडीज के कप्तान डेरेन सैमी की क्षमता का हालांकि फ्रेंचाइजी ने पूरा सम्मान किया। उनका आधार मूल्य एक लाख डॉलर था और सनराइजर्स ने उन्हें चार लाख 25 हजार डालर (दो करोड़ 25 लाख रुपए) में खरीदा। आईपीएल के लिए खुद को न्यूजीलैंड टीम की तरफ से खेलने के लिए उपलब्ध नहीं रखने वाले जेसी राइडर दो लाख 60 हजार डॉलर (एक करोड़ 40 लाख रुपए) में दिल्ली डेयरडेविल्स से जुड़े। जिन अन्य खिलाड़ियों के चेहरों पर आज आईपीएल के कारण मुस्कान दिखायी देगी उनमें मैक्सवेल के हमवतन ल्यूक पोमर्सबाक भी शामिल हैं। शराब की लत से परेशान इस खिलाड़ी को किंग्स इलेवन पंजाब ने तीन लाख डालर (1 . 5 करोड़ रुपए) में खरीदा। इस 28 वर्षीय खिलाड़ी का आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था।

फ्रेंचाइजी टीमों ने आलराउंडर में अधिल दिलचस्पी दिखाई और इनमें से अधिकतर को अच्छी कीमत भी मिली लेकिन विकेटकीपरों में किसी की रुचि नहीं थी। नीलामी में कोई भी विकेटकीपर नहीं बिका।

भारतीय खिलाड़ियों में जयदेव उनादकट और और पंकज सिंह भी अच्छा लाभ कमाने वालों में रहे। जयदेव को बेंगलूर ने पांच लाख 25 हजार डालर (2. 7 करोड़ रुपए) में खरीदा जो उनके आधार मूल्य एक लाख डॉलर से कहीं अधिक है। इसी फ्रेंचाइजी ने पंकज ने एक लाख 50 हजार डॉलर में खरीदा जबकि उनका आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था। एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज मनप्रीत गोनी को किंग्स इलेवन पंजाब ने पांच लाख डॉलर (2. 6 करोड़ रुपए) में खरीदा।

आस्ट्रेलिया के डर्क नानेस को छह लाख डॉलर में चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपनी टीम से जोड़ा। स्पिनरों में श्रीलंका के रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस को सात लाख 25 हजार डॉलर में पुणे वारियर्स ने अपना हिस्सा बनाया। उनका आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था।

दक्षिण अफ्रीका के वर्नोन फिलैंडर और हर्शल गिब्स, वेस्टइंडीज के डेरेन ब्रावो, इंग्लैंड के रवि बोपारा, आस्ट्रेलिया के जेम्स होप्स, मैथ्यू वेड और टिम पेन उन महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन पर कोई बोली नहीं लगी। इस बार की नीलामी में केवल इस सत्र के लिए अनुबंध दिया जाएगा। अगले साल सभी खिलाड़ियों की नीलामी होगी।

नीलामी में खरीदारी की अजीबोगरीब स्थिति आगे भी बनी रही। श्रीलंका के आफ स्पिनर सचित्रा सेनानायके को कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीन करोड़ 30 लाख रुपए में खरीदकर सभी को हैरान कर दिया। उनका आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था। आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन कोल्टर का आधार मूल्य एक लाख डॉलर था लेकिन मुंबई इंडियन्स ने राजस्थान रायल्स को पीछे छोड़कर उन्हें चार लाख 50 हजार डॉलर में खरीदा। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

सबसे अधिक हैरानी तो आस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन को मिली कीमत से हुई। उनका आधार मूल्य दस हजार डॉलर था लेकिन पुणे वारियर्स ने उन्हें खरीदने के लिए सात लाख डॉलर (3 .7 करोड़ रुपए) खर्च कर दिए। न्यूजीलैंड के अनुभवी स्काट स्टायरिस और जैकब ओरम, आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज क्लाइंट मैकाय, आयरलैंड के बल्लेबाज केविन ओ ब्रायन, आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रेविस ब्रिट और श्रीलंका के आलराउंडर फारवीज महरूफ को कोई खरीदार नहीं मिला। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 3, 2013, 16:36

comments powered by Disqus