Last Updated: Monday, July 29, 2013, 18:07

नई दिल्ली : तृणमूल के सांसद के डी सिंह को आज भारतीय हॉकी महासंघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह दिनेश रेड्डी का स्थान लेंगे जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। आईएचएफ की आज यहां विशेष कार्यकारी परिषद की बैठक में सिंह को अध्यक्ष पद सौंपने का फैसला किया गया। आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक रेड्डी ने समय की कमी के कारण अपने पद से इस्तीफा दिया।
आईएचएफ के महासचिव अशोक माथुर ने कहा, आज की बैठक का मुख्य एजेंडा रेड्डी के स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करना था। रेड्डी समय की कमी के कारण इस पद पर बने रहने में असमर्थ थे। इसलिए हमें किसी का चयन करना था और इसलिए हमने के डी सिंह को अध्यक्ष बनाने का फैसला किया।
झारखंड से सांसद सिंह अभी तक आईएचएफ में उपाध्यक्ष थे। वह अलकेमिस्ट समूह के संस्थापकों में से एक हैं। इस समूह में 11 कंपनियां शामिल हैं। संयोग से अलकेमिस्ट हाल में समाप्त हुई फेडरेशन कप हाकी टूर्नामेंट का प्रायोजक था। इस बीच आईएचएफ ने लड़कियों के लिये अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप और लड़कों के लिये अंडर-17 सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिये संभावित तिथियां भी घोषित की। लड़कियों का टूर्नामेंट 14 से 22 सितंबर के बीच पंजाब के फतेहगढ साहिब जिले में जबकि लड़कों का टूर्नामेंट अक्तूबर में भटिंडा में खेला जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 29, 2013, 18:07