Last Updated: Friday, August 31, 2012, 00:11

नई दिल्ली : एक महीने में दूसरी बार पूर्ण चांद का दुर्लभ नजारा कल रात आकाश में दिखाई देगा।
जब एक ही कलैंडर महीने में रात में दूसरी बार पूर्ण चंद्रमा दिखाई देता है तो यह दुर्लभ नजारा (ब्लू मून) होता है।
‘प्लेनेटरी सोसायटी आफ इंडिया’ के निदेशक एन श्री रघुनंदन कुमार ने कहा कि इस महीने दो अगस्त को पूर्ण चंद्रमा दिखाई दिया था और अब कल शाम सात बजकर 28 मिनट पर महीने में दूसरी बार पूर्ण चंद्रमा दिखाई देगा।
एक महीने में दूसरी बार पूर्ण चंद्रमा दिखाई देने पर इसे ‘ब्लू मून’ कहा जाता है क्योंकि ऐसा दुर्लभ ही होता है।
अगला ‘ब्लू मून’ तीन साल बाद 31 जुलाई 2015 को होगा।
‘साइंस पोपुलराइजेशन एसोसिएशन आफ कम्युनिकेटर्स एंड एजूकेटर्स’ के अध्यक्ष सीबी देवगन ने कहा कि इस दुर्लभ मौके पर चंद्रमा नीला दिखाई देता है जिसका कारण वायुमंडल में मौजूद धूल के कण या आग से निकला धुआं होता है।
इस विषय को समझाते हुए देवगन ने कहा कि चंद्रमा का एक चक्कर 29.53 दिन में पूरा होता है जो लगभग एक महीना होता है। इसलिए एक महीने में एक बार पूर्ण चंद्रमा दिखाई देता है लेकिन एक महीने में दूसरी बार पूर्ण चंद्रमा औसत रूप से हर ढाई साल में एक बार होता है।
कुमार ने कहा कि चंद्रमा शाम छह बजकर 13 मिनट पर निकलेगा और सात बजकर 28 मिनट पर पूर्ण रूप में पहुंचेगा। अंतिम बार ‘ब्लू मून’ दिसंबर 2009 में दिखाई दिया था।
(तस्वीर साभार: नासा)
(एजेंसी)
First Published: Thursday, August 30, 2012, 19:20