जीन पर निर्भर करता है व्यक्तित्व - Zee News हिंदी

जीन पर निर्भर करता है व्यक्तित्व



लंदन : माना जाता था कि माहौल का असर व्यक्तित्व निर्माण में अहम होता है लेकिन इसके उलट एक अध्ययन से पता लगा है कि यह व्यक्ति के ‘जीन ’ पर निर्भर करता है। एडिनबर्ग विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि सामाजिक दक्षता और समझने की क्षमता जैसे व्यक्तित्व के प्रमुख गुण मनुष्य को उनके माता पिता के जीन से मिलते हैं।

 

अपने अध्ययन के लिये वैज्ञानिकों ने एक जैसे और असमान 800 जुड़वां लोगों को लिया। यह जानने के लिए कि आनुवांशिकता अथवा परवरिश का जीवन में सफल लोगों पर क्या प्रभाव पड़ता है। ऐसे अध्ययन के लिये जुड़वां व्यक्ति उपयोगी रहते हैं क्योंकि वे घर के एक जैसे माहौल में पलते हैं, लेकिन केवल एक जैसे जुड़वां लोगों में ही समान जीन पाए जाते हैं।

 

अध्ययन के दौरान कई सवाल पूछे गए। मसलन वे खुद को और अन्य को कैसे लेते हैं। और क्या वे ठोस विचार वाले लोगों से प्रभावित होते हैं। प्रश्‍नों के उत्तरों का मनोवैज्ञानिक विश्लेषण कर प्रत्येक व्यक्ति के व्यक्तित्व के अलग अलग गुणों का वर्गीकरण किया गया। अध्ययन में पाया गया कि एक समान दिखने वाले जुड़वां लोगों के गुण भी समान थे। पता लगा कि डीएनए का व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव है।

(एजेंसी)

First Published: Thursday, May 17, 2012, 00:03

comments powered by Disqus