दो साल में तैयार होगा मलेरिया का टीका! - Zee News हिंदी

दो साल में तैयार होगा मलेरिया का टीका!




लंदन : मलेरिया का टीका दो साल में तैयार हो सकता है क्योंकि वैज्ञानिकों ने मच्छरों से होने वाली इस बीमारी की एक महत्वपूर्ण जड़ पकड़ने का दावा किया है।

 

हर साल यह बीमारी लाखों लोगों की जान लेती है। मलेरिया वास्तव में प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम नामक परजीवी से फैलता है। यह परजीवी मानव की लाल रक्त कोशिकाओं में प्रवेश कर जाता है। अब तक प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम को लाल रक्त कोशिकाओं में प्रविष्ट होने से रोकने के लिए किए गए प्रयास नाकाम रहे हैं।

 

अब कैम्ब्रिज स्थित वेलकम ट्रस्ट सांगेर इन्स्टीट्यूट के अनुसंधानकर्ताओं ने एक ऐसी ग्राही (रिसेप्टर) लाल रक्त कोशिका की पहचान करने का दावा किया है जो परजीवी के मानव शरीर में प्रवेश के लिए जरूरी प्रतीत होती है।

 

अनुसंधानकर्ताओं का कहना है कि यह नयी खोज जल्द ही एक प्रभावी टीकाकरण कार्यक्रम का विकास करने में मददगार हो सकती है।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 10, 2011, 18:58

comments powered by Disqus