Last Updated: Friday, February 22, 2013, 21:28

लंदन : दुनिया की दो दिग्गज इंटरनेट कंपनियों फेसबुक और गूगल ने मिलकर विज्ञान में एक पुरस्कार शुरू करने का फैसला किया है जो राशि के लिहाज से नोबल पुरस्कार से भी बड़ा होगा। प्रस्तावित पुरस्कार की राशि नोबल पुरस्कार की राशि से दोगुनी से भी अधिक होगी।
फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान, गूगल के सह-संस्थापक सर्जेई ब्रिन व उनकी पत्नी एन्नी वॉजिकी के साथ मिलकर जीव विज्ञान में 30 लाख डालर मूल्य का एक पुरस्कार शुरू करने पर काम कर रहे हैं। इस परियोजना का लक्ष्य मानव जीवन का विस्तार करने की दिशा में अनुसंधान को पुरस्कृत करना है। पुरस्कार ब्रेकथ्रो प्राइज इन लाइफ साइंसेज होगा।
इंडिपेंडेंट की एक खबर के अनुसार पहले चरण में 11 विज्ञानियों को कुल मिलाकर 3.3 करोड़ डालर की राशि दी गई जबकि आने वाले समय में पांच विजेताओं के लिए 1.5 करोड़ डालर की सालाना राशि रखी जाएगी। पिछले साल में सालाना विज्ञान पुरस्कारों की राशि 30 लाख डालर प्रत्येक रही है जो कि नोबल पुरस्कार के साथ मिलने वाली राशि से दोगुनी से अधिक है।
फ्रांस 24 ने जुकरबर्ग के हवाले से कहा है, `प्रिसिला और मैं इसका हिस्सा बनकर सम्मानित हुए हैं। हमारा मानना है कि ब्रेकथ्रू प्राइज इन लाइफ साइंसेज परोपकार का दूसरा मंच उपलब्ध कराएगा।` (एजेंसी)
First Published: Friday, February 22, 2013, 21:28