Last Updated: Saturday, April 20, 2013, 20:40

मॉस्को : रूस ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) पर मौजूद अपने पीर्स मॉड्यूल को कक्षा से हटाने की योजना बनाई है। यह जानकारी अंतरिक्ष निगम आरकेके एनर्जिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, कंपनी के वज्ञानिक तकनीक केंद्र के प्रमुख अलेक्जेंडर कालेरी ने कहा कि पीर्स को कक्षा से हटाने का काम अंतरिक्ष केंद्र पर नए यान के पहुंचने से पहले किया जाएगा।
आरकेके एनर्जिया के उपप्रमुख डिजायनर अलेक्जेंडर डेरेचिन ने मार्च में कहा था कि बहुभूमिका वाले प्रयोगशाला मॉड्यूल (एमएलएम) को 2013 के अंत तक लांच किया जाना है।
रूस वर्ष 2020 तक चार नए आईएसएस मॉड्यूल छोड़ने की योजना बना रहा है। इसमें एक एमएलएम, एक नोड मॉड्यूल और दो विज्ञान-शक्ति मॉड्यूल शामिल होंगे। इन्हें, आईएसएस पर मौजूद मॉड्यूल को हटाने के बाद छोड़ा जाएगा।
वर्तमान में आईएसएस पर रूस निर्मित पांच मॉड्यूल मौजूद हैं- जवेजदा सर्विस मॉड्यूल, जार्या कारगो ब्लॉक, पीर्स, पॉयस्क (खोज) रिसर्च मॉड्यूल और रासवेट (सबेरा) रिसर्च मॉड्यूल। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 20, 2013, 20:40